‘थक गया हूं और भूख लगी है’, 30 केस सुनने के बाद बोले इलाहाबाद HC के जज
लखनऊ: ‘न्याय की कुर्सी पर बैठा व्यक्ति भी आखिर एक इंसान ही होता है.’ इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब जस्टिस सुभाष विद्यार्थी ने एक लंबी सुनवाई के बाद गंभीर बात कही. सुबह से लेकर शाम 7 बजे तक लगातार 30 मामलों की सुनवाई करने के बाद जज ने कहा कि वे बहुत थक चुके हैं, उन्हें भूख लगी है और फिलहाल वे फैसला लिखवाने की स्थिति में नहीं हैं. इसके साथ ही उन्होंने संबंधित मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया.
काम का भारी बोझ, 235 केस और 10 घंटे की मशक्कत
मंगलवार का दिन जस्टिस सुभाष विद्यार्थी की अदालत के लिए बेहद व्यस्त रहा. उनकी लिस्ट में कुल 235 मामले लगे थे. इनमें 92 नए केस, 101 नियमित मामले, 39 विविध आवेदन और 3 एडिशनल लिस्ट के मामले शामिल थे. दोपहर 4:15 बजे तक जस्टिस विद्यार्थी केवल 29 नए मामलों की ही सुनवाई कर पाए थे.
इसी बीच उन्हें सूचित किया गया कि अगला मामला सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिमांड (वापस भेजा गया) किया गया है और इसकी समय सीमा आज ही समाप्त हो रही है. इसके बाद जस्टिस विद्यार्थी ने इस विशेष मामले की सुनवाई शुरू की, जो लगातार शाम 7 बजे तक चली.
सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन और मैराथन सुनवाई
यह पूरा मामला साल 2025 में ‘डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल’ (DRT) के खिलाफ दायर एक याचिका से जुड़ा है. हाई कोर्ट ने मई 2025 में DRT के एक आदेश को रद्द कर दिया था, जिसे बाद में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई. 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश को इस आधार पर रद्द कर दिया कि दूसरे पक्ष को नहीं सुना गया था. शीर्ष अदालत ने हाई कोर्ट को निर्देश दिया था कि वह 6 महीने के भीतर इस पर नया फैसला सुनाए. इस समय सीमा की आखिरी तारीख मंगलवार (आज) ही थी.
वरिष्ठ वकीलों की लंबी बहस और जज की थकान
इस महत्वपूर्ण मामले में याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज कुदेसिया, प्रतिवादी की ओर से सुदीप कुमार और केनरा बैंक की ओर से पीके श्रीवास्तव ने घंटों तक अपनी दलीलें पेश कीं. शाम 7 बजे जब बहस खत्म हुई, तो अदालत के कमरे में सन्नाटा पसर गया. जस्टिस विद्यार्थी ने पूरी ईमानदारी के साथ कोर्ट रूम में कहा,
चूंकि मुझे भूख लगी है, मैं थक गया हूं और फैसला लिखवाने के लिए शारीरिक रूप से असमर्थ महसूस कर रहा हूं, इसलिए फैसला सुरक्षित रखा जाता है.
न्यायपालिका में वर्कलोड पर छिड़ी बहस
जज की इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया और कानूनी गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है. यह वाकया दर्शाता है कि भारतीय अदालतों में जजों पर काम का कितना दबाव है. एक ही दिन में 200 से अधिक केस लिस्ट होना और फिर देर शाम तक सुनवाई करना किसी भी व्यक्ति के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है.