दूसरी शादी करने निकला दूल्हा, रास्ते में हुआ पहली पत्नी से सामना, फिर मचा बवाल
Last Updated:
Ballia News: यूपी के बलिया जिले में तीन तलाक के उल्लंघन का मामला सामने आया है. पहली पत्नी के रोकने के बावजूद शख्स ने दूसरी शादी कर ली. अब महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है.
दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे की पिटाई
बलिया: उत्तर प्रदेश के जिला बलिया से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. दरअसल यहां दूसरी शादी करने जा रहे एक दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने बीच रास्ते में ही दबोच लिया. फिर क्या था, दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वहीं पहली पत्नी का आरोप है कि उसके पति ने उससे छिपाकर दूसरी शादी करने का फैसला लिया था. मामले में पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की. इस दौरान मौके पर काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इसके बाद बीच-बचाव के लिए पुलिस को आना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ.
बता दें कि पूरा मामला बलिया के सिकंदरपुर थाने का है. दरअसल वाराणसी के छितूपुर महमूरगंज गांव का निवासी मजहरुल हक पुत्र इजहरुल हक दूसरी शादी के लिए बारात लेकर सिकंदरपुर कस्बा स्थित मैनापुर आया था. तभी उसकी पहली पत्नी को पति की दूसरी शादी की जानकारी मिल गई. सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ सिकंदरपुर के जलपा-कल्पा चौक पहुंच गई
पत्नी ने की दूल्हे की पिटाई
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही पति बारात लेकर चौक के पास पहुंचा, पहली पत्नी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पहली पत्नी ने दूल्हे की पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान दूल्हे के परिजनों और पहली पत्नी के पक्ष के लोगों के बीच भी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, शादी के लिए जा रही बारात के बीच अचानक हुए इस विवाद से अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बारातियों ने गुपचुप तरीके से रचाई शादी
बारात में गाने सुनाई देने थे, वहीं विवाद के दौरान ‘पुलिस बुलाओ’ की आवाजें सुनाई देने लगीं. पूरे मामले की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बारात वहां से आगे रवाना हो गई. आरोप है कि बाद में बारातियों ने कन्या पक्ष की कथित मिलीभगत से गुपचुप तरीके से शादी कर ली.
पहली पत्नी ने लगाया तीन तलाक के उल्लंघन का आरोप
मामले में पहली पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि पति के साथ उसका विवाद चल रहा है और इस संबंध में बलिया न्यायालय में मुकदमे विचाराधीन हैं. पीड़िता के अनुसार, न्यायालय में 56/2025 और 50/2025 नंबर के मामले चल रहे हैं. उसने आरोप लगाया कि तीन तलाक से जुड़े मामले के बावजूद पति ने दूसरी शादी कर ली. पीड़ित पत्नी ने इस मामले में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
पत्नी अल्फा खातून ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि 2021 में ही वाराणसी के रहने वाले से शादी हुई थी, जो फिर सिकंदरपुर में किसी दूसरी लड़की से शादी करने के लिए आया था. इसकी सूचना पर मैं वहां गई थी कि वह बिना तलाक और बिना न्यायालय के किसी आदेश के बगैर शादी करना चाहता है. वहीं, दूल्हे का कहना है कि उसका पहली पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और इसी वजह से उसने दूसरी शादी करने का फैसला लिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद पुलिस दूल्हा पक्ष पर कार्रवाई करेगी.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें