‘धर्मनिरपेक्ष सरकार ही सच्चा लोकतंत्र’, तमिलनाडु CM को अखिलेश यादव का संदेश
Last Updated:
Lucknow News: तमिलनाडु के नए सीएम के रूप में अभिनेता से नेता बने TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने शपथ ले ली है. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी विजय को तमिलनाडु के नए सीएम का पदभार संभालने के लिए बधाई दी और सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की.
तमिलनाडु नए सीएम को अखिलेश यादव ने दी बधाई
लखनऊ: तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने रविवार (10 मई, 2026) को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. शपथ लेने के बाद सभी राजनेता और अभिनेता उन्हें बधाई दे रहे हैं. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी विजय को तमिलनाडु के नए सीएम का पदभार संभालने के लिए बधाई दी और सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की.
अखिलेश यादव ने ट्विट करते हुए लिखा, ‘केवल धर्मनिरपेक्ष सरकारें ही सच्चे लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो सभी नागरिकों के लिए स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित है और संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने और उनकी रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है. हमें आशा है कि तमिलनाडु की नवगठित धर्मनिरपेक्ष सरकार अपने पूर्ववर्तियों की जन कल्याणकारी योजनाओं की परंपरा को आगे बढ़ाएगी.’
‘जनहितैषी सक्रिय नेतृत्व की कामना’
सपा प्रमुख ने कहा, ‘सी. जोसेफ विजय चंद्रशेखर जी को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई. मैं उनके उद्देश्यपूर्ण और जनहितैषी सक्रिय नेतृत्व की कामना करता हूं.’ बता दें कि अखिलेश यादव का यह बयान केवल बधाई संदेश भर नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे 2029 की राष्ट्रीय राजनीति और विपक्षी एकता के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सपा प्रमुख ने ‘धर्मनिरपेक्ष सरकार’ और ‘संवैधानिक मूल्यों’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर सीधे तौर पर भाजपा की राजनीति पर हमला बोला है.
क्या विपक्षी दल को मजबूत करने की कोशिश?
तमिलनाडु लंबे समय से द्रविड़ और धर्मनिरपेक्ष राजनीति का मजबूत केंद्र माना जाता रहा है. ऐसे में विजय की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर देशभर के विपक्षी दल नजर बनाए हुए हैं. अखिलेश यादव का समर्थन यह संकेत देता है कि गैर-भाजपा दल दक्षिण भारत में उभर रहे नए चेहरों के साथ राजनीतिक तालमेल की संभावनाएं तलाश रहे हैं. वहीं फिल्म स्टार से नेता बने विजय की लोकप्रियता पहले ही तमिलनाडु में चर्चा का विषय बनी हुई है. अब अखिलेश यादव जैसे राष्ट्रीय नेता की प्रतिक्रिया के बाद उनकी राजनीतिक एंट्री को राष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीरता से देखा जा रहा है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.