नगर निगम के गेट पर भाजपा महिला पार्षद का अनोखा विरोध, ट्रिमर से करा डाला मुंडन
Last Updated:
Firozabad News: यूपी के फिरोजाबाद में भाजपा की महिला पार्षद ने विकास कार्य न कराने और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नगर निगम के गेट पर मुंडन कराया है. इस दौरान उन्होंने मेयर और मेयर के पति पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
फिरोजाबाद भाजपा पार्षद मुंडन
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने प्रशासन की नींद उड़ा दी. फिरोजाबाद मे भीषण गर्मी मे राजनीति का पारा भी गर्म है. यहां भाजपा की महिला पार्षद ने विकास कार्य न कराने और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नगर निगम के गेट पर मुंडन कराया है. इस दौरान उन्होंने मेयर और मेयर के पति पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया.
दरअसल मंगलवार (19 मई, 2026) की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे फिरोजाबाद निगम में उस समय माहौल गर्म हो गया, जब वार्ड 6 की भाजपा महिला पार्षद उषा शंखवार कुछ महिलाओं के साथ नगर निगम पहुंच गईं. उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्य न कराने ओर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. उसके बाद महिला पार्षद उषा शंखवार ने सिर का मुंडन करा डाला. इस दौरान प्रदर्शनकारी भाजपा महिला पार्षद ने महापौर और उसके पति के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है.
तीन साल तक कोई विकास कार्य नहीं
इस दौरान नगर निगम क़े गेट पर अधिकारियों और लोगों की भीड़ जमा हो गई. महिला पार्षद ने आरोप लगाया कि वार्ड में तीन साल तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ. इसके साथ ही महापौर के पति सुरेंद्र राठौर पर कार्य ना कराए जाने के आरोप भी लगाए. मौके पर मौजूद भाजपा पार्षद मुनेंद्र यादव ने भी अधिकारियों पर कई आरोप लगाए. भाजपा महिला पार्षद का मुंडन कराना अब प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े कर रहा है.
महापौर के पति पर लगाए आरोप
उन्होंने कहा, ‘मैं 3 साल से पत्र लिख-लिखकर दे रही हूं, लेकिन हमारे वार्ड में कोई विकास नहीं हुआ. हमारा सारा काम सुरेंद्र राठौर रुकवाते हैं. पैसों को लेकर भी हम पर आरोप लगाते हैं. सुरेंद्र महापौर के पति हैं, उन्होंने बहुत बेकार काम किया है. विधायक जी ने अच्छा काम किया है. मैं चाहती हूं कि सुरेंद्र पर कार्रवाई हो.’ वहीं पूरे मामले की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त प्रशांत नागर मौके पर पहुंचे और पार्षद से बातचीत की. करीब 1 घंटे तक चली बातचीत के बाद दोपहर 2 बजे धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.