नन्हे कदम… मगर हौसला बुलंद, 13 साल का वंश गंगाजल लेकर निकला भोले के धाम
Last Updated:
Ghaziabad News: गाजियाबाद का 13 वर्षीय वंश पहली बार कांवड़ यात्रा कर रहा है, जिसका लक्ष्य अपने माता-पिता का सपना पूरा करना है. वह हरिद्वार से 10 लीटर गंगाजल लेकर अपने शिवालय की ओर बढ़ रहा है. आइए इस नन्हे कांवड़िए के बारे में जानते हैं.
गाजियाबाद: सावन के महीने में आस्था का सैलाब सड़कों पर नजर आ रहा है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले कांवड़ियों के कदम लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं और पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और गुजरात तक के कांवड़िए इन दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गुजर रहे हैं. इस यात्रा में भक्ति और आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. कोई माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर यात्रा कर रहा है तो कोई अपनी अलग और खास कांवड़ से लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसी बीच गाजियाबाद का 13 वर्षीय वंश भी अपनी पहली कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा में है.
गाजियाबाद के रहने वाले वंश की उम्र भले ही महज 13 साल है, लेकिन महादेव के प्रति उसकी आस्था और यात्रा पूरी करने का हौसला किसी बड़े फैसले से कम नहीं है. सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला वंश 3 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू कर चुका है. उसके कंधों पर 10 लीटर गंगाजल से भरा कैन है और इसी के साथ वह लगातार पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है. वंश को 11 अगस्त को शिवालय में गंगाजल अर्पित करना है.
हर दिन 30 किमी का सफर
वंश अकेला इस यात्रा पर नहीं निकला है, उसके साथ उसके दो दोस्त भी कांवड़ लेकर चल रहे हैं. तीनों दोस्त दिन में करीब 20 से 30 किलोमीटर तक पैदल सफर कर रहे हैं. रास्ते में थकान जरूर होती है, लेकिन महादेव की भक्ति और मंजिल तक पहुंचने का संकल्प उनके कदमों को लगातार आगे बढ़ा रहा है.
आस्था के साथ हौसले की कहानी
वंश का कहना है कि यह उसकी पहली कांवड़ यात्रा है और वह अपने माता-पिता का सपना पूरा करने के लिए यह यात्रा कर रहा है. उसकी महादेव से बस इतनी कामना है कि वह मन लगाकर अपनी पढ़ाई पूरी करे और भविष्य में उसे अच्छी नौकरी मिले. महज 13 साल की उम्र में कंधों पर 10 लीटर गंगाजल रखकर वंश जिस तरह पैदल आगे बढ़ रहा है वह उसकी आस्था के साथ-साथ उसके मजबूत हौसले की भी कहानी बयां कर रहा है.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें