पत्नी को पार्क घुमाने ले गया पति, नहर में दिखीं भूखी मछलियां, बीवी को ही काटकर करवा दिया नाश्ता!
Last Updated:
श्रावस्ती में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए नहर में भूखी मछलियों का निवाला बना दिया. घटना का खुलासा होते ही सनसनी मच गई.
दहेज़ उत्पीड़न को लेकर दर्ज है पति के खिलाफ मामला (इमेज- फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश का श्रावस्ती जिला, जो अपनी शांत वादियों और बौद्ध स्थलों के लिए जाना जाता है, इन दिनों एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना के कारण सुर्खियों में है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया. हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के जब्दी गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. इसके बाद उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किये. कुछ हिस्सों को नहर में मछलियों को खिला दिया और बाकी अवशेषों को जला दिया. इस क्रूर कांड का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी को हिरासत में लिया. यह घटना न केवल स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर गई है बल्कि पूरे समाज में गुस्से और डर का माहौल पैदा कर दिया है.
घटना 15 मई 2025 की है, जब 27 वर्षीय सकीना, जो अपने पति सैफुद्दीन के साथ जब्दी गांव में रहती थी, अचानक लापता हो गई. सकीना के भाई ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत हरदत्तनगर गिरंट थाने में दर्ज की, जिसमें उसने दहेज उत्पीड़न और हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने जांच शुरू की और सैफुद्दीन से पूछताछ की लेकिन उसने दो दिन तक पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. वह बार-बार कहता रहा कि सकीना किसी रिश्तेदार के यहां गई है. लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की और गांव के कुछ लोगों के बयान लिए, तो सैफुद्दीन टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
लड़ाइयों से था परेशान
सैफुद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसका अपनी पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था. उसका दावा था कि सकीना बात-बात पर उससे लड़ती थी, जिससे तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया. उसने एक धारदार हथियार से सकीना की हत्या की और फिर शव को टुकड़े-टुकड़े कर दिया. उसने कुछ हिस्सों को पास की नहर में फेंक दिया, जहां मछलियां उन्हें खा गईं. बाकी अवशेषों को उसने एक गड्ढे में दफनाया और आग लगा दी. पुलिस ने सैफुद्दीन को घटनास्थल पर ले जाकर जांच की, जहां एक आम के बाग में गड्ढे से सकीना का अधजला हाथ बरामद हुआ. पुलिस ने अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है ताकि डीएनए के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि हो सके.
लोगों में दहशत का माहौल
हरदत्तनगर गिरंट थाने के प्रभारी और श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की. सैफुद्दीन के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 201 (सबूत मिटाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सैफुद्दीन ने पहले भी कोई अपराध किया था या इस हत्या में कोई और शामिल था. इस घटना ने स्थानीय लोगों में गुस्से और डर की लहर पैदा कर दी है. सोशल मीडिया पर भी इस घटना ने तूल पकड़ लिया है. एक यूजर ने लिखा, “यह कितना भयावह है! एक पति अपनी पत्नी के साथ ऐसा कैसे कर सकता है?” एक अन्य ने टिप्पणी की, “पुलिस को ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवानी चाहिए.” कुछ लोगों ने इसे दहेज उत्पीड़न से जोड़कर देखा क्योंकि सकीना के भाई ने शिकायत में इसकी आशंका जताई थी.

न्यूज 18 में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हूं. रीजनल सेक्शन के तहत राज्यों में हो रही उन घटनाओं से आपको रूबरू करवाना मकसद है, जिसे सोशल मीडिया पर पसंद किया जा रहा है. ताकि कोई वायरल कंटेंट आपसे छूट ना जाए.
न्यूज 18 में बतौर सीनियर सब एडिटर काम कर रही हूं. रीजनल सेक्शन के तहत राज्यों में हो रही उन घटनाओं से आपको रूबरू करवाना मकसद है, जिसे सोशल मीडिया पर पसंद किया जा रहा है. ताकि कोई वायरल कंटेंट आपसे छूट ना जाए.