बरसात में महंगा हो गया धनिया? घर पर ऐसे उगाएं ताजा और हरा, जानिए आसान स्टेप्स
Last Updated:
हरा धनिया कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है. धनिया का इस्तेमाल हर घर में किया जाता है. हरा धनिया की पत्तियां खाने के स्वाद में चार चांद लगा देती हैं. लेकिन, ज्यादातर लोग हरा धनिया बाजार से खरीदकर लाते हैं. जबकि आप इसे घर पर भी बेहद आसानी से उगा सकते हैं.
अगर आप फ्रेश और ताजा हरा धनिया खाने के शौकीन हैं तो आप घर पर भी हरा धनिया उगा सकते हैं. हरा धनिया को उगाना बहुत ही आसान है. आप इसको गमले या फिर किचन गार्डन में भी उगा सकते हैं.

बारिश के मौसम में बाजार में हरे धनिया की आवक कम हो जाती है. इसके दाम आसमान छूने लगते हैं. ऐसे में आप घर पर ताजा हरा धनिया उगा सकते हैं. सबसे पहले एक बड़े आकार का गमला लें. गमले की तली में छेद होना चाहिए. गमले में भरने के लिए उपजाऊ मिट्टी, वर्मी कंपोस्ट और नदी की बालू को बराबर मात्रा में लेकर अच्छी तरह से मिलाएं और गमले में भर दें.

अगर आप चाहते हैं कि आपकी हरा धनिया की पत्तियां तेजी के साथ ग्रोथ करें तो अच्छी किस्म का बीज खरीदें. बीज प्रमाणित दुकान से खरीदें. अगर अच्छी किस्म का बीज बोएंगे तो हरा धनिया की पत्तियां जल्द ग्रोथ करेंगी और ज्यादा सुगंधित होंगी.

बीज को मसलकर दो टुकड़ों में बांट लें. ऐसा करने से हरा धनिया आसानी से उग आएगा. हरा धनिया को गमले में बोने से पहले बीज को उपचारित कर लें. बीज उपचारित करने के लिए कार्बेंडाजिम का इस्तेमाल कर सकते हैं.

बीज को गमले में बिखेरने के बाद ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. हल्की सिंचाई करें. ध्यान रखें कि गमले में पानी भर न पाए. चार से पांच दिन में बीज अंकुरित होकर मिट्टी से बाहर आ जाएगा.

किसी भी पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए सूरज की रोशनी मिलना जरूरी है. ऐसे में अगर आप गमले में हरा धनिया उगा रहे हैं तो गमले को ऐसी जगह पर रखें, जहां रोजाना 4 से 5 घंटे तक धूप आती हो. जब आप ये सावधानियां रखते हैं तो हरा धनिया तेजी के साथ ग्रोथ करेगा.

हरा धनिया जब 4 से 6 पत्तियां हो जाएं तो कटिंग करते रहें. जितनी ज्यादा कटिंग करेंगे, पत्तियां उतनी ही तेजी के साथ बढ़ेंगी और फ्रेश भी रहेंगी. बार-बार कटिंग करने से आप ज्यादा दिन तक इसका स्वाद चख सकते हैं.