भजनों की रसधार में डूबा गोरखपुर, बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा माहौल, भक्तों ने जमकर किया नृत्य
Last Updated:
Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर में एक प्रतिष्ठित होटल में ‘हारे के सहारे’ बाबा खाटूश्याम जी के नाम एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां बाबा के गानों पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया और पूरा इलाका भक्ति भाव से भर गया.
खाटू श्याम भजन
गोरखपुर: शहर के हृदय स्थल गोलघर स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में ‘हारे के सहारे’ बाबा खाटूश्याम जी के नाम एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया. इस धार्मिक अनुष्ठान में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा माहौल श्याम मई हो गया. भजनों की रसधार और बाबा के जयकारों ने वहां मौजूद हर भक्त को भाव-विभोर कर दिया.
कार्यक्रम की शुरुआत से पहले बाबा खाटू श्याम के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया था. विभिन्न प्रकार के सुगंधित और रंग-बिरंगे फूलों से बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया. अखंड ज्योत प्रज्वलित होते ही वहां का वातावरण और भी अधिक सात्विक और पवित्र हो गया.
भजन सुन श्रोता मंत्रमुग्ध
इस विशेष भजन संध्या के लिए सुप्रसिद्ध भजन गायक आदर्श दाधीच विशेष रूप से गोरखपुर पधारे थे. उन्होंने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके बाद जैसे ही उन्होंने बाबा श्याम के लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. आदर्श दाधीच ने अपनी मखमली आवाज में जब ‘कीर्तन की है रात..’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ जैसे भजन गाए, तो श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए.
बाबा के भजनों पर जमकर नृत्य
भजन संध्या का माहौल इतना भक्तिमय हो गया कि वहां मौजूद भक्त अपनी कुर्सियों से उठकर नृत्य करने को मजबूर हो गए. क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग और क्या महिलाएं, सभी बाबा की भक्ति में लीन होकर झूमते नजर आए. देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बाबा के भजनों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को ‘जय श्री श्याम’ की बधाई दी. कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से आकाश शर्मा, अंकुर लाठ, रजत सोनी और निखिल रूंगटा आदि मौजूद रहे. इन्होंने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया और व्यवस्था संभाली. अंत में बाबा की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.