मां के लिए है.. इतना सुनते ही किसान ने 1.39 लाख घटा दिए… फिर 4 आम 2.11 लाख में बिके
Last Updated:
Saharanpur News: आपने अभी तक सिर्फ सुना होगा कि मियाजाकी आम दुनिया का सबसे महंगा आम होता है. लेकिन यूपी के एक किसान ने अब इसे साबित भी कर दिया, जब उसने एक व्यापारी को यह आम लाखों रुपए में बेचा. आइए इस किसान और खरीदने वाले व्यापारी के बारे में जानते हैं.
सहारनपुर: आखिरकार मियाजाकी आम चर्चाओं में रहने वाला नहीं, बल्कि किसान को लखपति बनाने वाला भी बन गया है. सहारनपुर के किसान की मेहनत रंग लाई और गुजरात के एक व्यापारी ने अपनी मां के लिए दुनिया का सबसे महंगा आम मियाजाकी को 2 लाख 11 हजार में खरीदा है. आम को खरीदने वाले गुजरात निवासी प्रवीण गुप्ता भारत में मियाजाकी आम को सबसे महंगी दाम पर खरीदने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं.
प्रवीण गुप्ता ने इस आम को लाखों रुपए में खरीदकर यह भी साबित कर दिखाया है कि इस मियाजाकी आम को यूं ही नहीं दुनिया का सबसे महंगा आम कहा जाता है. अगर इस आम की खासियत की बात करें तो यह दिखने में खूबसूरत है, जिनको सूरज के अंडे के नाम से भी जाना जाता है. इसमें सामान्य आमों की तुलना में अधिक विटामिन-ए, विटामिन-सी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं. गुजरात के रहने वाले खरीदार प्रवीण गुप्ता ने इस आम को खरीदने के दो कारण बताएं. एक तो उन्होंने इस दुनिया के सबसे महंगे आम को अपनी मां के नाम किया है, जबकि दूसरा किसानों की आय बढ़े, उसके लिए इस तरह की खेती को बढ़ावा देने की बात कही है.
मियाजाकी आम ने किसान को बनाया लखपति
किसान संदीप चौधरी ने लोकल 18 से बात करते हुए बताया कि पहली बार हमारा यह मियाजाकी आम बिका है, 2 लाख 11 हजार रुपये में एक किलो यानी 4 आम बिके हैं. इसमें से 1 लाख 11 हजार ऑनलाइन पैसा भी आ गया है, जबकि 1 अगस्त को आम पहुंचाने के बाद बाकी पैसे कैश में मिल जाएंगे. आज मैं बहुत खुश हूं कि मैंने सोचकर इस आम को लगाया था कि इसको लगाने से हमारे किसानों की आय बढ़ेगी.
हालांकि इस दौरान लोगों की ऐसी बातों का सामना भी करना पड़ा है, जो लोग कहते थे कि यह सिर्फ दिखावा है और आम लाखों में नहीं बिक सकता. लेकिन आज जो सोचकर मैंने आम लगाया था, वह सपना पूरा हो रहा है. मेरा शुरू से ही यही मकसद था कि किसान कोई ऐसी चीज लगाएं, जो महंगी बिके और उनकी आय बढ़े.
मां का नाम सुनते ही पैसे कर दिए कम
उन्होंने कहा कि अभी तक मियाजाकी आम का भारत में लाखों में खरीदने वाला कोई खरीदार नहीं था. लेकिन आज सूरत के बहुत बड़े व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने हमारा यह आम खरीदा है. पिछले वर्ष भी गुप्ता जी हमारे संपर्क में थे और आम को खरीदना चाहते थे, लेकिन पिछले वर्ष हमने इन आम को उन्हें नहीं बेचा था, बल्कि मुख्यमंत्री के लिए भेजा था.
गुप्ता जी ने बताया है कि जिस तरीके से मोदी जी बोलते हैं एक पेड़ मां के नाम, तो उन्होंने दुनिया के सबसे महंगे आम को मां के नाम दिया है. इस आम की डील साढ़े तीन लाख रुपए में हुई थी, लेकिन जब उन्होंने बताया कि इस आम को वह अपनी मां के लिए खरीद रहे हैं, तब मैंने पैसे घटाकर 2 लाख 11 हजार में इन आम को देने का फैसला लिया और आज उनका यह आम बिक चुका है.
About the Author
आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें