मीट की दुकान में बकरा खाने पहुंचा 15 फीट का अजगर, फिर जो पियक्कड़ ने किया…
Last Updated:
Python Viral: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक मीट की दुकान में 15 फीट लंबा एक विशालकाय अजगर घुस आया. इससे पहले कि अजगर बकरे को अपना निवाला बनाता, दुकान के मालिक की नजर उस पर पड़ गई. वहां हड़कंप मच गया. इसी बीच एक नशे में धुत व्यक्ति (सुरेश) वहां पहुंचा और बिना डरे अजगर को अपने हाथों से पकड़ लिया. अजगर ने उसे काट भी लिया, लेकिन वह नहीं डरा और उसे गले में लपेटकर खेलने लगा.
पियक्कड़ ने अजगर को बना दिया खिलौना.
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शुक्रवार की देर शाम एक विशालकाय अजगर रेंगता हुआ सीधे एक मीट की दुकान में जा घुसा. जैसे ही मालिक की नजर अजगर पर पड़ी चारों ओर हड़कंप मच गया. लेकिन इस सबसे बड़ा और चौंकाने वाला ट्विस्ट तब आया, जब एक नशे में चूर व्यक्ति ने ‘सुपरहीरो’ की तरह एंट्री. वह बिना डरे सांप को गले में लपेट लिया.
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगभग 15 फीट लंबा यह विशाल अजगर मीट की दुकान में बंधे बकरों को अपना निवाला बनाने के इरादे से अंदर घुसा था. वह धीरे-धीरे अपने शिकार (बकरे) की ओर बढ़ ही रहा था कि अचानक दुकान के मालिक की नजर उस पर पड़ गई. अपनी दुकान में इतने बड़े सांप को देखकर दुकानदार के होश उड़ गए. उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद वहां भारी भीड़ जमा हो गई.
शराबी एंट्री और हाई-वोल्टेज ड्रामा
जब लोग डर के मारे अजगर से दूर भाग रहे थे और उसे भगाने की तरकीबें सोच रहे थे, तभी वहां सुरेश नाम का एक स्थानीय व्यक्ति पहुंचा. सुरेश बुरी तरह शराब के नशे में धुत था. इसके बाद मौके पर जो हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ, उसने सबको हैरत में डाल दिया:
नंगे हाथों से पकड़ा
सुरेश ने बिना अपनी जान की परवाह किए और बिना किसी खौफ के, उस खूंखार और 15 फीट लंबे अजगर को अपने नंगे हाथों से दबोच लिया. खुद को आजाद कराने की छटपटाहट में अजगर ने सुरेश के हाथ पर कसकर कुंडली मार ली और उसे जकड़कर अपनी पूरी ताकत से दबाव बनाना शुरू कर दिया. अजगर ने भागने की जद्दोजहद में सुरेश के हाथ पर एक-दो बार काटा भी, लेकिन नशे में चूर सुरेश पर इसका कोई असर नहीं हुआ क्योंकि अजगर विषैले नहीं होते हैं.
गले में माला की तरह लपेटा
शराब के नशे में सुरेश इस कदर बेखौफ था कि वह बिल्कुल भी विचलित नहीं हुआ. उसने अपनी ताकत से उस विशालकाय अजगर पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे एक माला की तरह अपने कंधों और गले में लपेट लिया. इसके बाद वह सरेआम सड़क पर उस अजगर के साथ खेलने लगा. इस अजीबोगरीब नजारे को देखने के लिए वहां राहगीरों और दुकानदारों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई सन्न था कि कोई व्यक्ति इतने बड़े अजगर के साथ ऐसे कैसे खेल सकता है.
जाते-जाते अजगर ने दिखाया गुस्सा
काफी देर तक अजगर के साथ यह खतरनाक खेल खेलने के बाद, सुरेश ने आखिरकार उसे एक बड़े से कंटेनर (डब्बे) में सुरक्षित रूप से बंद कर दिया. फिर वह उस कंटेनर को लेकर गया और उस विशाल अजगर को इलाके के पास ही मौजूद एक गहरे नाले में छोड़ दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाले में जाते-जाते अजगर ने गुस्से में अपना सिर हवा में करीब तीन फीट ऊपर तक उठाया, मानो वह कोई आखिरी चेतावनी दे रहा हो. कुछ पल रुकने के बाद वह नाले के पानी और अंधेरे में रेंगता हुआ ओझल हो गया.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें