मेरठ में इस खास ट्रेन का होगा मेंटीनेंस, दूसरा डिपो हो रहा है तैयार

0
मेरठ में इस खास ट्रेन का होगा मेंटीनेंस, दूसरा डिपो हो रहा है तैयार


नई दिल्‍ली. मेरठ के मोदीपुरम में नमो भारत का दूसरा डिपो बन रहा है. यह डिपो कृषि विश्वविद्यालय के पास बनाया जा रहा है. इसके साथ ही मेरठ मेट्रो स्टेशन का निर्माण भी हो रहा है, जिससे आसपास के गांवों जैसे पावली खास, दौराला, सकौती और पावरसा के लोगों को बहुत सुविधा होगी.

मौजूदा समय दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का एक डिपो गाजियाबाद के दुहाई में है, जहां ट्रेनों का रखरखाव होता है, लेकिन जब पूरा कॉरिडोर शुरू होगा, तो दूसरा डिपो जरूरी होगा. इसलिए मोदीपुरम में यह नया डिपो बनाया जा रहा है. डिपो के साथ मेट्रो स्टेशन भी तैयार हो रहा है, जिसकी छत का काम तेजी से चल रहा है. डिपो में एक संचालन केंद्र (डीसीसी) भी बनेगा, जो ट्रेनों की आवाजाही और नियंत्रण का काम देखेगा.

1.2 किलोमीटर लंबा टेस्ट ट्रैक

इस डिपो में ट्रेनों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप, 1.2 किलोमीटर लंबा टेस्ट ट्रैक, और स्टैबलिंग लाइनें बनाई जा रही हैं, जहां 34 ट्रेनें खड़ी हो सकेंगी. टेस्ट ट्रैक पर ट्रेनों की जांच होगी. डिपो में स्वदेशी मशीनों और उपकरणों का इस्तेमाल होगा. इसके अलावा, स्क्रैप यार्ड, निरीक्षण वर्कशॉप, और रेल ट्रैक जांच के लिए ऑफिस भी बनाए जाएंगे. चार निरीक्षण लाइनें (आईबीएल) और चार वर्कशॉप लाइनें होंगी, जहां ट्रेनों की जांच और मरम्मत होगी. स्टैबलिंग लाइनें ट्रेनों को खड़ा करने के लिए होंगी, जबकि वर्कशॉप लाइनें तकनीकी समस्याओं को ठीक करने के लिए होंगी.

मोदीपुरम में मेट्रो स्टेशन भी बन रहा

ट्रेनों की सफाई के लिए एक ऑटोमैटिक कोच वॉशिंग प्लांट बनेगा, जैसा कि दुहाई डिपो में है. इसके अलावा, एक हैवी-क्लीनिंग शेड लाइन भी होगी, जहां नियमित रूप से ट्रेनों की गहरी सफाई होगी. डिपो में ट्रेनों की स्टैटिक और डायनामिक टेस्टिंग के लिए आईबीएल लाइनें होंगी, जिसके बाद ट्रेनें मुख्य लाइन पर चलेंगी. मोदीपुरम में मेट्रो स्टेशन भी बन रहा है, जो जमीन पर होगा. इसमें दो प्रवेश-निकास द्वार होंगे. कृषि विश्वविद्यालय की ओर से स्टेशन तक पहुंचने के लिए एक फुटओवर ब्रिज भी बनाया जा रहा है.

मेरठ में मेट्रो के लिए कुल 13 स्टेशन होंगे

मेरठ साउथ, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैंसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, दौरली, मेरठ नॉर्थ, मोदीपुरम, और मोदीपुरम डिपो. इनमें से मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल, और मोदीपुरम स्टेशन पर नमो भारत और मेट्रो दोनों की सुविधा होगी. बाकी स्टेशन सिर्फ मेट्रो के लिए होंगे. यह खास बात है कि मेरठ मेट्रो का संचालन नमो भारत के ढांचे पर होगा, जो देश में पहली बार हो रहा है. इससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक परिवहन मिलेगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *