यूपी में कई जिलों में आंधी-बारिश से गिरा पारा, आज भी 19 जिलों के लिए अलर्ट
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर शाम को कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया. पश्चिम यूपी से लेकर पूर्वान्चक के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ अच्छी खासी बारिश हुई, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को काफी सुकून मिला. गोरखपुर में सबसे ज्यादा 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बलिया में 64 मिलीमीटर, जबकि बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48 मिलीमीटर बारिश हुई. पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. नोएडा से लेकर मेरठ तक तेजा हवाओं के साथ मौसम के बदलने से लोगों को राहत मिली.
बारिश और आंधी के कारण पश्चिमी तराई क्षेत्रों जैसे बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद आदि में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया. हालांकि बुंदेलखंड में गर्मी का असर अभी भी बना रहा. झांसी में 43.4 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 12 जून को भी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है. आज भी 19 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 13 जून से यह सिस्टम कमजोर पड़ने की उम्मीद है, जिसके बाद गर्मी फिर से बढ़ सकती है.
आज इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को भी 19 जिलों में गरज-चमक और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें- बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं.
इन जिलों में ओलावृष्टि की आशंका
इन जिलों में अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र में ओलावृष्टि संभावना. जिला प्रशासन ने किसान और आम लोग इन इलाकों में सतर्क रहें और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें.