यूपी में बना सर्कुलेशन, बंगाल की खाड़ी में लहर, IMD की भारी बारिश की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. मानसून के लिए अनुकूल परिस्थियां बन रही हैं. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने रविवार के लिए पूरे उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दरअसल, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से भारी राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वांचल में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसूनी सिस्टम एक्टिव हुआ है. मौसम विभाग ने ताजा मौसमी प्रणाली को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश (यूपी) में भारी बारिश की चेतावनी दी है. मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट, तो यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने दिल्ली हरियाणा में भी बारिश की संभावना जताया है.
मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 जुलाई को प्रदेश में मानसूनी सक्रियता चरम पर होगी.
- भारी से बहुत भारी वर्षा वाले जिले: गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और इसके आस-पास के क्षेत्रों में ‘भारी से बहुत भारी बारिश’ होने की प्रबल संभावना है.
- भारी बारिश वाले जिले: इसके अलावा कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ, हापुड़, कासगंज और बुलंदशहर में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
तापमान में 4 से 6 डिग्री की होगी बड़ी गिरावट
आईएमडी के अनुसार, मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा होगी, जिसके परिणामस्वरूप आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी. इससे लोगों को चिपचिपी और जानलेवा उमस से बड़ी राहत मिलेगी.
मेघगर्जन और आकाशीय बिजली का भी खतरा
बारिश के साथ-साथ मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद, झांसी और ललितपुर समेत प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) और तीव्र मेघगर्जन की भी चेतावनी दी है. लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने पर वे पक्के मकानों में रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्लग निकाल दें.
किसानों के लिए मौसम विभाग की खास सलाह
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने की सलाह दी गई है. गन्ना और धान की नर्सरी में जलभराव से पौधों को नुकसान हो सकता है. साथ ही, बारिश के दौरान खेतों में खाद और कीटनाशकों का छिड़काव न करने की अपील की गई है.
पड़ोसी राज्यों का हाल: उत्तराखंड में ‘रेड अलर्ट’
केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन का भारी असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने पहाड़ों पर बारिश का तांडव देखते हुए उत्तराखंड में भीषण बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. इसके अलावा, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर भारत, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे पूरे उत्तर भारत में मौसम सुहावना रहेगा.