राजनाथ बोले- लखनऊ में एलिवेटिड रोड बनवा दीजिए, गडकरी ने तुरंत कहा- अप्रूव्ड
Last Updated:
Lucknow Infrastructure News : लखनऊ के शहीद पथ पर ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलने वाली है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी बड़ी मांग केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कर दी. पथ के ऊपर 23 किमी लंबे एलिवेटेड रोड और उस पर मेट्रो चलाने को लेकर उन्होंने गडकरी से जब डिमांड की तो इसकी तत्काल मंजूरी दे दी गई है. जानिए आम जनता को इससे क्या बड़े फायदे होंगे.
लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक, शहीद पथ पर लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर को बनाया जाएगा.
Lucknow Shaheed Path 23 km long Elevated Road : राजधानी लखनऊ में रहने वाले और अमौसी चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (CCSIA) एयरपोर्ट आने-जाने वाले लोगों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है. लखनऊ की लाइफलाइन कहे जाने वाले शहीद पथ पर अब गाड़ियों को रेंगना नहीं पड़ेगा और ना ही ट्रैफिक जाम में कीमती समय बर्बाद होगा. अब शहीद पथ के ऊपर एक शानदार 23 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनने जा रहा है. सबसे खास बात यह है कि इस एलिवेटेड रोड के ऊपर से मेट्रो ट्रेन भी दौड़ेगी. लखनऊ के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की इस बड़ी मांग को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने चुटकी भर की देरी किए बिना ही तुरंत मंजूरी दे दी. खुद रक्षा मंत्री ने जब उनके सामने यह मांग रखी तो गडकरी ने कहा, अप्रूव्ड यानि बात मान ली गई.
जब मंच पर चुटीले अंदाज में बोले राजनाथ सिंह
लखनऊ कानपुर एक्सप्रेसवे (lucknow kanpur expressway) का उद्धाटन करने के बाद सभी दिग्गज लखनऊ पहुंचे, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया था. इस समारोह के दौरान बेहद दिलचस्प नजारा देखने को मिला. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत उत्तर प्रदेश सरकार के कई दिग्गज मंत्रियों की मौजूदगी में राजनाथ सिंह ने मुस्कुराते हुए भाषण की शुरुआत की.
राजनाथ सिंह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘बहनों और भाइयों आज फिर से मुझे कुछ मांगना था, इसीलिए मैं पहले खड़ा हो गया. क्योंकि अगर नितिन गडकरी जी पहले बोल लेते तो फिर मुझे लखनऊ के लिए मांगने का मौका ना मिलता. इसलिए मैंने कहा कि मैं ही पहले बोलूंगा.’
राजनाथ सिंह ने बताया कि आज मैंने नितिन गडकरी का ध्यान लखनऊ की सबसे बड़ी समस्या यानी ट्रैफिक जाम की ओर खींचा. उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक की समस्या लगातार बढ़ रही है. सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को होती है जिन्हें समय पर अमौसी एयरपोर्ट पहुंचना होता है. इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए रक्षा मंत्री ने मांग रखी कि मेरा नितिन जी से आग्रह है कि लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड तक, शहीद पथ पर लगभग 23 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की कृपया स्वीकृति प्रदान करें.’ राजनाथ सिंह ने बताया कि जैसे ही यह मांग मैंने नितिन गडकरी के सामने रखी, उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत कहा कि अप्रूव्ड.
अटल जी ने रखा था शहीद पथ का आधार, अब बनेगा ‘थ्री-लेयर कॉरिडोर’
शहीद पथ के इतिहास को याद करते हुए राजनाथ सिंह ने बताया कि जब भारत के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे और वह खुद देश के सड़क परिवहन मंत्री थे, तब अटल जी के आदेश पर ही इस शहीद पथ की नींव रखी गई थी. शिलान्यास के समय राजनाथ सिंह खुद वहां मौजूद थे. उन्होंने कहा कि ‘आज मैं कह सकता हूं कि शहीद पथ लखनऊ की लाइफलाइन बन चुका है. अगर शहीद पथ न होता तो लखनऊ की क्या दुर्गति होती, ट्रैफिक जाम की कितनी बड़ी समस्या होती, यह बताने की जरूरत नहीं है.’ अब समय के साथ ट्रैफिक का दबाव इतना बढ़ गया है कि इसके ऊपर एक और एलिवेटेड रोड की जरूरत महसूस हो रही थी. अब नया प्लान यह होगा कि लोग या तो नीचे की मौजूदा सड़क से आ-जा सकेंगे या फिर बिना किसी रुकावट के ऊपर बनी एलिवेटेड रोड से सीधे एयरपोर्ट और आउटर रिंग रोड की तरफ निकल जाएंगे.
एलिवेटेड रोड के ऊपर दौड़ेगी मेट्रो
लखनऊ वासियों की सहूलियत को दोगुना करने के लिए राजनाथ सिंह ने नितिन गडकरी के सामने एक और बड़ी मांग रख दी. उन्होंने कहा, ‘यह जो एलिवेटेड रोड बनेगी, इसके ऊपर एक मेट्रो भी चलनी चाहिए ताकि लखनऊ वालों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो और वे तेजी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें.’ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मांग को भी तुरंत स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
लखनऊ को मिलीं दो और बड़ी सौगातें (सीतापुर हाईवे और किसान पथ)
समारोह के दौरान सिर्फ शहीद पथ ही नहीं, बल्कि लखनऊ और आसपास के जिलों से जुड़ी इन दो अन्य अहम मांगों पर भी हरी झंडी मिल गई है.. पहला लखनऊ-सीतापुर 6-लेन हाईवे.. राजनाथ सिंह ने बताया कि लखनऊ से सीतापुर के बीच 6-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग (Lucknow Sitapur 6 Lane Highway) के निर्माण को भी नितिन गडकरी ने तुरंत मंजूरी दे दी है. इस पर बहुत जल्द जमीनी काम शुरू होने वाला है, जिससे सीतापुर की तरफ आने-जाने वाले मुसाफिरों का सफर बेहद आसान हो जाएगा. दूसरा किसान पथ पर सर्विस रोड के निर्माण की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है.
About the Author

I currently serve as a Senior Assistant Editor at News18 Hindi, leading State & Local18 operations across Uttar Pradesh, Uttarakhand, Delhi, Himachal Pradesh and Haryana. With over 17 years of experience in jou…और पढ़ें