लखनऊ में होटल निर्माण के दौरान लापरवाही, सीमेंट की बोरी गिरने से युवक की मौत
Last Updated:
लखनऊ के चिनहट इलाके में निर्माणाधीन होटल के पास दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई. दूसरी मंजिल से फेंकी गई सीमेंट की बोरी गली से गुजर रहे कार शोरूम मैनेजर के सिर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई, जबकि परिजनों ने होटल मालिक और कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं.
लखनऊ: राजधानी के चिनहट इलाके में बुधवार को दर्दनाक हादसे में कार शोरूम के एक सर्विस मैनेजर की मौत हो गई. दरअसल, निर्माणाधीन होटल की दूसरी मंजिल से मजदूरों द्वारा नीचे फेंकी गई सीमेंट की बोरी, गली से गुजर रहे युवक के सिर पर गिर गई जिससे उसे गंभीर चोट आई और ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, तो वहीं पुलिस ने मामले में होटल मालिक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, देवरिया निवासी 35 वर्षीय अनूप सिंह आईटी चौराहे के पास स्थित एक कार शोरूम में सर्विस मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. वह चिनहट के नौबस्ता कला स्थित वसुंधरा विहार कॉलोनी में किराए पर रहते थे. बुधवार को वह गली से गुजर रहे थे, तभी पास में बन रहे होटल की दूसरी मंजिल से मजदूरों ने सूखी सीमेंट की बोरी नीचे फेंक दी. बोरी सीधे अनूप सिंह के सिर पर जा गिरी. हादसे में उनका सिर गंभीर रूप से घायल हो गया और कान से भी काफी खून निकलने लगा.
एंबुलेंस बुलाने में की देरी
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद होटल मालिक और कर्मचारियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाने के बजाय लापरवाही बरती. आरोप है कि काफी देर तक मलबा हटाने में ही समय निकल गया, जिससे अनूप को समय पर इलाज नहीं मिल सका. परिवार का यह भी कहना है कि घटना के बाद विरोध करने पर होटल मालिक और कर्मचारियों ने धमकी दी.
हिरासत में होटल मालिक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने निर्माणाधीन होटल के मालिक को हिरासत में ले लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अनूप सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बताया जा रहा है कि उनके पिता भी कैंसर से पीड़ित हैं. हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें