वाराणसी के नमो घाट की तर्ज पर बनेगा मिर्जापुर का ये घाट, इतने करोड़ होंगे खर्च, परियोजना को मिली मंजूरी
Last Updated:
Mirzapur News: मिर्जापुर के चुनार में गंगा नदी के तट पर नमो घाट की तर्ज पर गंगा घाट बनाया जाएगा. विधायक अनुराग सिंह पटेल के अनुरोध पर 12 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है. जल्द ही कार्य शुरू होगा.
तस्वीर
हाइलाइट्स
- मिर्जापुर में बनेगा नया गंगा घाट
- परियोजना के लिए 12 करोड़ रुपये मंजूर
- चुनार किले के पास होगा निर्माण कार्य
मुकेश पांडेय/मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित चुनार गंगा नदी के तट पर नमो घाट की तर्ज पर गंगा घाट बनाया जाएगा. चुनार किले के पास स्थित गंगा नदी के तट पर घाट के निर्माण को मंजूरी मिल गई है. जल्द ही धन अवमुक्त होने के बाद कार्य शुरु हो जाएगा. चुनार किले के पास स्थित गंगा घाट पौराणिक मान्यताओं व हिन्दू आस्था का प्रतीक है. यहां पर देश ही नहीं बल्कि विदेशों से पर्यटक घूमने के लिए आते हैं. नदी किनारे घाट का निर्माण होन के बाद दिव्यता और भव्यता बढ़ जाएगी.
वाराणसी में बने नमो घाट की तर्ज पर चुनार में गंगा घाट के निर्माण के लिए चुनार विधायक अनुराग सिंह पटेल ने प्रदेश के संस्कृति व पर्यटन मंत्री को पत्र लिखा था. चुनार किनारे पक्का घाट को विकसित करने का अनुरोध किया था. विधायक के अनुरोध के बाद परियोजना को स्वीकृति मिल गई है. करीब 12 करोड़ रुपये से गंगा घाट बनाया जाएगा. परियोजना स्वीकृत होने के बाद घाट पर साफ-सफाई शुरू हो गई है. धन अवमुक्त होने के बाद कार्य में तेजी आएगी.
जल्द शुरू होगा काम
चुनार विधायक ने पत्र लिखकर मांग की थी कि काशी और विंध्याचल के बीच बसे चुनार अपने सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत के लिए देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में जाना जाता है. यहां पर स्थित किले में भतृहरि नाथ की समाधि, जल प्रपात और चीनी मिट्टी की आकर्षक कलाकृतियां व ऋषियों व साहित्यकारों की जन्मस्थली भी है. कार्तिक पूर्णिमा पर भी भारी संख्या में भक्त पहुंचते हैं. यूपी प्रोजेक्ट कार्पोरेशन लिमिटेड के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि 11 करोड़ 98 लाख से घाटों का विकास व सुंदरीकरण कराया जाएगा.