विपक्ष पर फूटा अयोध्या के संतों का गुस्सा: राहुल-अखिलेश के पुतले पैरों तले कुचले, राष्ट्रप

0
विपक्ष पर फूटा अयोध्या के संतों का गुस्सा: राहुल-अखिलेश के पुतले पैरों तले कुचले, राष्ट्रप


UP News and Updates in Hindi: संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा भगवा पहनकर किए गए प्रदर्शन के खिलाफ रामनगरी अयोध्या के संतों का गुस्सा भड़क उठा है. आक्रोशित संत समाज ने आज सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध जताया और राहुल गांधी, अखिलेश यादव, पप्पू यादव व अवधेश प्रसाद के पुतले फूंकते हुए उन्हें पैरों तले कुचला. लता मंगेशकर चौक तक विरोध मार्च निकालते हुए संतों ने महामहिम राष्ट्रपति से इन सभी नेताओं की संसद सदस्यता तत्काल रद्द करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.

UP Latest News LIVE: अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने लगाई फांसी

UP Latest News LIVE: बलिया के मनियर थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि दो युवकों ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे. इस दुखद घटना के बाद विदेश में रह रहे मृतका के पिता ने मनियर थाने के इंस्पेक्टर और एसआई (SI) पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि पैसे लेकर उन्हें बचाया और उल्टे घर जाकर उनकी बेटी को ही धमकाया. पुलिस की इसी कथित घोर लापरवाही और आरोपियों की प्रताड़ना के चलते युवती ने खौफ और दबाव में आकर मौत को गले लगा लिया.

 UP Live News: संभल के गांव में घुसा गंगा के बाढ़ का पानी

 UP Live News: नरौरा बैराज से एक लाख साठ हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद संभल जिले के बझांगी गांव में गंगा नदी की बाढ़ का पानी घुस गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. गांव के मुख्य रास्ते और सड़क पर कमर तक पानी बह रहा है, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है और खेतों में जलभराव के चलते बाजरे की फसल के पूरी तरह सड़ने का खतरा मंडराने लगा है. इस भीषण आपदा के बीच जिला प्रशासन के पूर्व अनुमान और सुरक्षा के तमाम दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं, क्योंकि जमीनी स्तर पर गांव में न तो कोई बाढ़ चौकी नजर आ रही है और न ही अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए वहां पहुंचा है.

UP Live News : राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अवधेश प्रसाद और पप्पू यादव के खिलाफ अयोध्या में प्रदर्शन

UP Live News : संसद में भगवान श्रीराम और भगवा वस्त्र के कथित अपमान को लेकर अयोध्या के साधु-संतों ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, राम मंदिर धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास और हनुमानगढ़ी के संत गौरी शंकर दास के नेतृत्व में संतों ने लता मंगेशकर चौक तक विशाल पदयात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, अखिलेश यादव, फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के पुतलों को जूतों की माला पहनाकर जलाया गया. इस मौके पर महंत कमल नयन दास ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष सनातन और राष्ट्र विरोधी काम कर रहा है, लेकिन हम रामराज्य स्थापित करके रहेंगे. वहीं, राजकुमार दास और गौरी शंकर दास ने कहा कि संसद में जिस तरह से प्रभु श्रीराम का अपमान किया गया है, उससे पूरे देश का सनातनी समाज आहत है. संत समाज ने राष्ट्रपति से सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए इन सांसदों की सदस्यता रद्द करने और इन पर मुकदमा दर्ज करने की पुरजोर मांग की है.

स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर, 6 छात्र घायल, एक की हालत गंभीर

महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ई-रिक्शा को एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 6 छात्र और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए. एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

महिला बैंककर्मी ने लगाई फांसी, कमरा तोड़कर पुलिस ने निकाला शव

मुरादाबाद: महिला बैंककर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. एक्सिस बैंक में मृतक युवती काम करती थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा तुड़वाया. कमरा तुड़वाकर युवती का शव निकाला गया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक युवती का नाम प्रतिभा राणा है जो अमरोहा जिले की रहने वाली है. करीब एक साल से किराए के मकान में मुरादाबाद में युवती रह रही थी. थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की घटना है.

मेरठ में फर्जी पुलिस चौकी का खुलासा, खुद को CO-SHO बताकर करते थे वसूली, 2 गिरफ्तार

मेरठ में फर्जी पुलिस चौकी चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से वसूली करते थे. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिसकर्मियों ने मारा थप्पड़ तो टावर पर चढ़ गया युवक

सीतापुर में 130 फीट ऊंचे टावर पर युवक चढ़ गया. पुलिसकर्मी के थप्पड़ मारने से युवक नाराज था. घंटों युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. युवक की मां बेहोश हो गई. पुलिस ने समझा बुझाकर युवक को नीचे उतारा. पुलिस युवक को मानसिक रूप से बीमार होना बता रही है. पिसावा थाना क्षेत्र का मामला बताया जा रहा है.

आगरा में हॉस्टल से राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस खिलाड़ी लापता

आगरा में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस खिलाड़ी लापता हो गया है. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है. परिजनों ने हॉस्टल के एक अधिकारी और कर्मचारी पर मारपीट का आरोप लगाया है. खिलाड़ी ने कोच पर अभद्रता और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप भी लगाए थे. जांच के दौरान हॉस्टल के कई सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने का दावा है. स्टेडियम के कर्मचारियों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच में पुलिस जुटी हुई है. थाना सदर बाजार क्षेत्र के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम का है.

संत वेश में संसद पहुंचे पप्पू यादव के खिलाफ काशी के संतों का आक्रोश, मुकदमे की मांग

वाराणसी में सांसद पप्पू यादव के संत वेश में संसद में धरना देने पर काशी के संतों ने कड़ा विरोध जताया. पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत बालकदास के नेतृत्व में दर्जनों संत कोतवाली थाने पहुंचे और तहरीर देकर पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की.

आधार सिस्टम की क्लोनिंग कर चला रहे थे फर्जीवाड़ा, प्रयागराज साइबर पुलिस ने दो शातिर दबोचे

प्रयागराज साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों यूआईडीएआई सिस्टम की क्लोनिंग और बायपास तकनीक से आधार आईडी सक्रिय कर फर्जीवाड़ा कर रहे थे. पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, हार्ड डिस्क समेत कई उपकरण बरामद किए.

मानसून सत्र से पहले अकाली दल को बड़ा झटका, पहली बार बिजनेस एडवाइजरी कमेटी से बाहर

3 अगस्त से शुरू होने वाले पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र से पहले अकाली दल को बड़ा झटका लगा है. पहली बार पार्टी के किसी विधायक को 5 सदस्यीय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) में शामिल नहीं किया गया. यह समिति विधानसभा की कार्यवाही और कार्यसूची तय करती है.

अयोध्या मेडिकल कॉलेज में छात्र के पास मिली बम बनाने की कथित जानकारी वाली पर्ची, जांच शुरू

अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले एक पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के छात्र के पास से कथित तौर पर बम बनाने से जुड़ी जानकारी वाली पर्ची मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. छात्र की पहचान बलरामपुर निवासी सरफराज के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रात में लैब ड्यूटी के दौरान यह पर्ची बरामद हुई, जिसमें कथित रूप से बम बनाने की विधि, आकार और उसकी तीव्रता से संबंधित विवरण लिखा था. सूचना मिलने पर पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

उन्नाव गौशाला मामले में DM की बड़ी कार्रवाई, NGO पर FIR दर्ज

सदर तहसील क्षेत्र के थाना गांव स्थित वृहद गौशाला में 12 से अधिक गौवंश मृत मिलने और उनके शवों को कुत्तों द्वारा नोचने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. डीएम घनश्याम मीना के निर्देश पर गौशाला का संचालन कर रही लखनऊ की संस्था पूजा श्रम सहकारी एवं निर्माण समिति की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं. मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) डॉ. विनोद कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर डिप्टी CVO ने माखी थाने में संस्था के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत FIR दर्ज कराई है. प्रशासन ने गौशाला के संचालन की जिम्मेदारी अब संबंधित ग्राम प्रधान को सौंपने का निर्णय लिया है.

पेपर लीक पर सख्त कानून को राष्ट्रपति की मंजूरी, सिद्धार्थ नाथ सिंह बोले- माफियाओं में फैलेगा डर

पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने का स्वागत करते हुए इसे पेपर लीक और नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कानून बताया. उन्होंने कहा कि इस कानून में 10 साल तक की सजा, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई जैसे कड़े प्रावधान किए गए हैं, जिससे पेपर लीक माफियाओं में भय का माहौल बनेगा. उनका दावा है कि यह कानून केवल केंद्र ही नहीं, बल्कि सभी राज्यों के लिए भी प्रभावी साबित होगा और लोकतंत्र में मील का पत्थर बनेगा. सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक आंदोलन के दौरान अपशब्द कहने वाले छात्रों को माफ करने के फैसले की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बड़े दिल वाले नेता हैं और बच्चों की भावनाओं को समझते हैं. उनके अनुसार, बच्चे देश का भविष्य हैं और उनसे हुई गलती पर उन्हें सुधार का अवसर मिलना चाहिए, न कि ऐसा दंड जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर उदारता दिखाते हुए बच्चों को सही रास्ते पर चलने का संदेश दिया है.

प्रयागराज में बाग की झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

प्रयागराज: गंगानगर जोन के मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम तिलक का पूरा में शनिवार सुबह एक बाग की झाड़ियों में करीब 22 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. मौके से शराब की कांच की बोतल, लाल रंग की शर्ट जिसमें 500-500 रुपये के दो नोट मिले, और हरे रंग की हवाई चप्पल बरामद हुई है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया. फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने और मामले की जांच में जुटी है.

Sonbhadra News : सोनभद्र में मगरमच्छ के हमले से बुजुर्ग गंभीर घायल, गांव में दहशत

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र स्थित करगरा में अघोरी किले के सामने सोन नदी में मछली पकड़ने गए 65 वर्षीय बुजुर्ग पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि नदी में उतरने के दौरान उनका पैर मगरमच्छ पर पड़ गया, जिसके बाद उसने हमला कर दिया. बुजुर्ग के शरीर पर कई जगह काटने के निशान आए हैं और उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए भेजा गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. सूचना पर ग्रामीण, ग्राम प्रधान और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ महीने पहले सोन नदी में मगरमच्छ के कई बच्चों को छोड़ा गया था. मामले की जांच की जा रही है.

Kushinagar News: कुशीनगर में ड्रेन में डूबीं तीन बहनों के शव बरामद, 12 घंटे चला सर्च ऑपरेशन

कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र स्थित बभनौली-सिधरिया ड्रेन में डूबीं तीन सगी बहनों के शव करीब 12 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिए गए. एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने कई घंटों तक अभियान चलाया. मृतकों की पहचान 12 वर्षीय कुंजन, 10 वर्षीय सपना और 8 वर्षीय छोटी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां घास काटकर लौटने के दौरान पुल पर खेल रही थीं, तभी रेलिंग से फिसलकर तेज बहाव वाले नाले में गिर गईं. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Etawah News: वेतन न मिलने से परेशान डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या की चेतावनी दी

इटावा के बकेवर स्थित 50 सैया रामाधीन शर्मा अस्पताल के सरकारी हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक स्वर्णकार की सोशल मीडिया पोस्ट से प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले पांच महीने से उनका वेतन नहीं दिया गया और उन पर लगातार इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने लिखा कि यदि भविष्य में वह आत्महत्या जैसा कदम उठाते हैं तो इसके लिए अस्पताल के सीएमएस, ईएमओ और एक कर्मचारी जिम्मेदार होंगे. पोस्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है.

 

Kanpur News: कानपुर में बिजली के खंभे में उतरे करंट से मजदूर की मौत

कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मैकूपुरवा मोड़ पर देर रात बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से 34 वर्षीय मजदूर अजय कुमार उर्फ शंभू की मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह करीब 8 से 10 मिनट तक खंभे से चिपका रहा और मदद के लिए चीखता रहा, जबकि मौके पर मौजूद भीड़ उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी. इसी दौरान एक ई-रिक्शा चालक ने अंगौछे की मदद से उसे खंभे से अलग किया. सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले की जांच की जा रही है.

Moradabad News: मुरादाबाद में मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग

मुरादाबाद के सदर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई. आग की ऊंची लपटों से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप फैल गया. सूचना मिलते ही 10 से अधिक फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. डीएम राजेंद्र पेंसिया, एसएसपी सतपाल अंतिल समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *