सहारनपुर में छाया सोने जैसा चमकने वाला ‘गोल्डन’ आम, मिठास के आगे रसगुल्ला भी फेल
Last Updated:
Golden Mango Variety: सहारनपुर के मैंगो बाजार में इन दिनों ‘गोल्डन’ आम लोगों के बीच भारी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. देखने में बिल्कुल सोने की तरह चमकने वाला यह आम स्वाद में शहद और बड़ी-बड़ी मिठाइयों से भी ज्यादा मीठा है. मूल रूप से गुजरात की इस वैरायटी को अब सहारनपुर के किसान भी अपने बागों में उगा रहे हैं. बाजार में यह आम करीब 200 से 250 रुपये प्रति किलो की कीमत पर बिक रहा है, जिसे लोग चम्मच से खाना पसंद करते हैं.
सहारनपुर: जनपद को देश की बड़ी मैंगो बेल्ट के नाम से जाना जाता है, जहां हर साल आम की सैकड़ों किस्में देखने को मिलती हैं. इस बार सहारनपुर के मैंगो बाजार में एक बेहद खास और अनोखी वैरायटी आई है, जिसका नाम ‘गोल्डन’ आम है. यह आम सुनने में जितना शाही लगता है, खाने में भी उतना ही लाजवाब है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि जो लोग आम खाना ज्यादा पसंद नहीं करते, वे भी इस सुनहरे आम को देखकर इसे खरीदे बिना नहीं रह पाते हैं. इन दिनों बाजार में इस खास वैरायटी की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है.
आम विक्रेता सरफराज ने बताया कि गोल्डन आम दिखने में बेहद खूबसूरत और लाजवाब होता है. इस आम की सबसे अनोखी बात यह है कि जब यह फल पेड़ पर बहुत छोटा होता है, तभी इसे एक विशेष बैग यानी पैकेट में पैक कर दिया जाता है. यह आम उसी बैग के अंदर सुरक्षित रहकर धीरे-धीरे बड़ा और तैयार होता है. इसी वजह से इस आम में जरा सा भी हरापन नहीं रहता और यह पूरी तरह से सुनहरे यानी गोल्ड कलर का दिखाई देता है. वैसे तो यह मुख्य रूप से गुजरात की लोकप्रिय वैरायटी है, लेकिन अब सहारनपुर के स्थानीय किसान भी अपने बागों में इस शानदार गोल्डन आम की पैदावार करने लगे हैं.
यह भी पढ़ें: आमों की दुनिया का बाहुबली है ये खास आम, जिसके अनोखे रंग और स्वाद के आगे फेल है दशहरी-लंगड़ा
शहद से भी ज्यादा होती है मिठास
इस सुनहरे आम की मिठास के सामने बड़े-बड़े ब्रांड्स की मिठाइयां और रसगुल्ले भी फेल माने जाते हैं. यह आम इतना ज्यादा मीठा और रसीला होता है कि लोग इसे काटकर सीधे खाने के बजाय चम्मच से निकालना ज्यादा पसंद करते हैं. बाजार में मिलने वाली विभिन्न प्रकार की मैंगो फ्रूटी और कोल्ड ड्रिंक्स में भी इसी गोल्डन आम के फ्लेवर का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर किया जाता है. अपनी बेमिसाल खूबसूरती और लाजवाब मिठास के कारण यह आम अन्य सामान्य किस्मों की तुलना में काफी अलग और खास माना जाता है.
गोल्डन आम की कीमत और बाजार का पता
यह खास गोल्डन आम अपनी खूबियों की वजह से आम तौर पर मिलने वाले अन्य आमों से काफी महंगा बिकता है. बाजार में इस समय गोल्डन आम की कीमत लगभग 200 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रति किलोग्राम तक है. अगर आप भी इस दुर्लभ और बेहद मीठे आम का स्वाद चखना चाहते हैं, तो यह वैरायटी आपको सहारनपुर में बहुत आसानी से मिल जाएगी. इस आम को खरीदने के लिए आपको सहारनपुर के अंबाला हाईवे पर स्थित कोलकी टोल प्लाजा के पास लगे मैंगो बाजार में जाना होगा, जहां यह वैरायटी बिक्री के लिए उपलब्ध है.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें