सहारनपुर में लगेगा ऐसा प्लांट, जिससे रोजाना बनेगी 5 टन CBG और 20 टन खाद
रोजाना 150 टन जैविक कचरे से बनेगी गैस
नगर निगम के मुताबिक, सहारनपुर में हर दिन लगभग 391 मीट्रिक टन ठोस कचरा उत्पन्न होता है, जिसमें से एक बड़ी मात्रा बायोडिग्रेडेबल वेस्ट होती है. इसी कचरे का बेहतर प्रबंधन करने के लिए अब घुन्ना महेश्वरी गांव में एक अत्याधुनिक CBG प्लांट लगाया जा रहा है, जिसकी क्षमता 150 टीपीडी (टन प्रति दिन) होगी.
तैयार हो चुकी है ज़मीन
BPCL के अधिकारियों के अनुसार, यह प्लांट करीब 1.5 साल में पूरी तरह से चालू हो जाएगा. इसके लिए घुन्ना महेश्वरी में ज़मीन का अधिग्रहण पहले ही हो चुका है और वहां चारदीवारी, शेड और मूलभूत संरचना का निर्माण भी किया जा चुका है.
क्या है CBG प्लांट की खासियत?
CBG प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जैविक कचरे से स्वच्छ ऊर्जा और खाद दोनों तैयार करता है. इस प्लांट में प्रतिदिन 5 से 8 टन CBG गैस का निर्माण किया जाएगा, जबकि साथ ही साथ लगभग 20 टन ऑर्गेनिक खाद भी तैयार होगी. इससे न केवल अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार होगा, बल्कि यह पारंपरिक कूड़ा निस्तारण से आगे बढ़कर सर्कुलर इकॉनमी की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा.