सांप काटने के बाद 30 मिनट सबसे अहम! डॉक्टर से जानें किन गलतियों से बचें
Last Updated:
What to Do After Snake Bite: मानसून की दस्तक के साथ ही ग्रामीण इलाकों में एक बड़ा खतरा तेजी से पैर पसारने लगा है, और वह है सांपों का आतंक. इस मौसम में भारी बारिश के कारण जब सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, तो वे सुरक्षित ठिकानों और खेतों की ओर रुख करते हैं. इसलिए सर्प दंश की घटनाएं अचानक बहुत बढ़ जाती हैं. ऐसे मामलों में लोग डॉक्टर के पास जाने के बजाय झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में कीमती समय गंवा देते हैं, जिससे मरीज की जान पर बन आती है. आइए वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर संतोष यादव से जानते हैं कि सांप के काटने पर अंधविश्वास से दूर रहकर किस तरह सही समय पर मरीज की जान बचाई जा सकती है.
What to Do After Snake Bite: बरसात का मौसम शुरू होते ही सांपों का निकलना काफी बढ़ गया है. इस मौसम में लोग खेतों में खेती-किसानी का काम ज्यादा करते हैं, जिसकी वजह से खेतों और ग्रामीण इलाकों में सर्प दंश के मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं. अक्सर देखा जाता है कि सांप काटने के बाद लोग डरकर या अंधविश्वास के चलते झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं. इस लापरवाही की वजह से समय पर सही इलाज नहीं मिल पाता और मरीज की मौत हो जाती है. अगर समय रहते सही तरीका अपनाया जाए, तो सांप के डसने के बाद भी मरीज की जान आसानी से बचाई जा सकती है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संतोष यादव बताते हैं कि बरसात के दिनों में सांपों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे बाहर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकलते हैं. इसी दौरान खेतों में काम कर रहे लोगों को वे अपना शिकार बना लेते हैं. सांप काटने पर किसी भी ओझा या तांत्रिक के पास जाने के बजाय सीधे अस्पताल जाना ही एकमात्र समझदारी है.
भारत में केवल 40% सांप ही होते हैं जहरीले
डॉ. संतोष यादव के अनुसार, पूरे भारत में पाए जाने वाले सांपों में से केवल 40% प्रजातियां ही जहरीली होती हैं. इन जहरीले सांपों के काटने पर ही इंसान की परेशानी बढ़ती है. हमारे देश में करैत, नाग (कोबरा) और रसेल वाइपर जैसे सांप सबसे ज्यादा जहरीले माने जाते हैं. अगर इनमें से कोई भी सांप किसी को काट ले, तो मरीज को 30 मिनट से लेकर 2 घंटे के भीतर अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जरूर ले जाएं.
सांप काटने पर तुरंत करें ये प्राथमिक उपाय
अगर किसी व्यक्ति को सांप काट लेता है, तो सबसे पहले घबराने के बजाय मरीज को शांत रखने की कोशिश करें. जिस जगह पर सांप ने काटा है, उस हिस्से को साफ पानी और साबुन से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद घाव से थोड़ा ऊपर किसी कपड़े या रस्सी से हल्के हाथों से बांध दें. ध्यान रहे कि पट्टी को ज्यादा कसकर नहीं बांधना है, क्योंकि बहुत ज्यादा कसकर बांधने से शरीर में खून का दौरा यानी ब्लड सर्कुलेशन रुक जाता है, जिससे परेशानी और बढ़ सकती है.
हर सरकारी अस्पताल में मौजूद है मुफ्त इलाज
अक्सर देखा जाता है कि लोग सांप काटने के बाद मरीज को दूर के बड़े अस्पतालों में ले जाने लगते हैं. रास्ते में समय बर्बाद होने और शरीर में जहर फैलने के कारण मरीज दम तोड़ देता है. डॉ. यादव ने बताया कि सांप के जहर को खत्म करने वाला एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) इंजेक्शन हर एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुफ्त उपलब्ध रहता है. इसलिए इधर-उधर भागने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर जाएं, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दवाओं के जरिए सही उपचार किया जा सके.
About the Author
सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें