सियासत करने निकले थे कांग्रेस-सपा नेता, अजय राय और धर्मेंद्र यादव सहित कई हाउस अरेस्ट

0
सियासत करने निकले थे कांग्रेस-सपा नेता, अजय राय और धर्मेंद्र यादव सहित कई हाउस अरेस्ट


Last Updated:

SP-Congress Leader House Arrest: अयोध्या राम मंदिर चंदा गबन मामले पर उत्तर प्रदेश की सियासत पूरी तरह से गरमा गई है. इस मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने और अयोध्या में पदयात्रा करने निकले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के कई बड़े नेताओं पर यूपी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के पदम श्री पैलेस होटल में नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया गया है. वहीं, सपा नेता धर्मेंद्र यादव, कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और वरिष्ठ नेता दीपक सिंह सहित कई सांसदों-विधायकों को भी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है, ताकि अयोध्या में होने वाले इस बड़े विरोध प्रदर्शन को रोका जा सके.

Zoom

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय हाउस अरेस्ट

अयोध्या/लखनऊ. अयोध्या राम मंदिर के बहुचर्चित चंदा चोरी और दान गबन मामले ने अब एक बड़े सियासी संग्राम का रूप ले लिया है. इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरने की कोशिश कर रहे विपक्ष के मंसूबों पर पुलिस-प्रशासन ने पानी फेर दिया है. रामलला के खजाने में कथित लूट के खिलाफ अयोध्या में पदयात्रा और विशाल विरोध प्रदर्शन करने जा रहे कांग्रेस और सपा के दिग्गज नेताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने चंदा चोरी के खिलाफ अयोध्या कूच करने और वहां एक बड़ी पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था. इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई करने के लिए यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अयोध्या पहुंच गए थे. लेकिन पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई करते हुए अजय राय को अयोध्या स्थित ‘पदम श्री पैलेस होटल’ (Padam Shri Palace Hotel) में ही हाउस अरेस्ट कर लिया. होटल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और उन्हें किसी से भी मिलने या बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है.

दीपक सिंह, किशोरी लाल और तनुज पुनिया पर भी एक्शन
केवल अजय राय ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के अन्य शीर्ष नेताओं पर भी पुलिस का डंडा चला है. अमेठी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक सिंह को उनके आवास पर ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया है. वहीं, हाल ही में अमेठी से नवनिर्वाचित सांसद किशोरी लाल शर्मा और बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया को भी उनके घरों में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. प्रशासन का साफ निर्देश है कि कोई भी नेता अयोध्या की सीमा में प्रवेश कर माहौल खराब करने की कोशिश न करे.

सपा नेता धर्मेंद्र यादव भी किए गए नजरबंद
कांग्रेस के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के नेताओं पर भी पुलिस ने कड़ा पहरा लगा दिया है. चंदा चोरी के मुद्दे पर सियासत करने और विरोध दर्ज कराने जा रहे सपा के वरिष्ठ नेता और सांसद धर्मेंद्र यादव (Dharmendra Yadav) को भी पुलिस ने एहतियातन हाउस अरेस्ट कर लिया है. इसके अलावा कांग्रेस और सपा के कई अन्य सांसदों (MP) और विधायकों (MLA) को भी उनके आवासों पर नजरबंद किया गया है.

प्रभु राम के दरबार से एक बड़ा जन-आंदोलन की चेतावनी

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर हाउस अरेस्ट किए गए कांग्रेस नेता और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार चंदा चोरी तो नहीं रोक पाई, लेकिन अब दर्शन करने जा रहे कांग्रेसियों को रोक रही है. उन्होंने स्पष्ट ऐलान किया कि नजरबंदी के बावजूद वे अयोध्या जरूर जाएंगे, चंदा चोरी का हिसाब मांगेंगे और मुख्य आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग करेंगे. भाजपा पर निशाना साधते हुए दीपक सिंह ने कहा कि राम मंदिर किसी पार्टी की बपौती नहीं बल्कि साधु-संतों की संपत्ति है, लेकिन भाजपा ने अपने लोगों को बैठाकर मंदिर को लूटने का काम किया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन भ्रष्ट लोगों को हटाकर मंदिर का संचालन साधु-संतों को नहीं सौंपा गया, तो प्रभु राम के दरबार से एक बड़ा जन-आंदोलन किया जाएगा. भाजपा के पुराने नारे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले नारा था ‘जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’, लेकिन अब जनता कह रही है कि ‘जो राम का खाए हैं, हम उनको भगाएंगे’; हम इन पाप करने वाले दुष्टों को हटाकर पाई-पाई का हिसाब लेंगे.

पुलिस ने क्यों की इतनी बड़ी कार्रवाई?
दरअसल, राम मंदिर के दान प्रबंधन को लेकर उठे विवाद के बाद कांग्रेस और सपा इसे एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश में थे. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कल ही ऐलान किया था कि वे अयोध्या में पदयात्रा करेंगे और चंदा चोरी के आरोपियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे. मामले की संवेदनशीलता और अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था (Law and Order) को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यह कड़ा कदम उठाया है ताकि अयोध्या में किसी भी प्रकार का राजनीतिक जमावड़ा और अशांति न फैल सके.

About the Author

authorimg

Deep Raj DeepakSub-Editor

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *