सूर्य और तिलक करेंगे अयोध्या में स्वागत, दूर से ही जीत लेंगे दिल, करोड़ों खर्च कर बदला जा रहा नैन नक्श
Last Updated:
Ayodhya News : पल-पल निखरती अयोध्या में चार चांद लगने जा रहा है. आधा काम पूरा हो चुका है. योगी सरकार करोड़ों खर्च कर शहर की सूरत बदलने में जुटी है. इससे यहां आने वाले भक्तों को जादुई अहसास होगा.
अयोध्या. रामनगरी अयोध्या के लिए प्रदेश सरकार ने अपना खजाना खोल रखा है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पर्यटन का भी अनुभव कराने के लिए एक से बढ़कर एक काम किए जा रहे हैं. अयोध्या में कई प्रवेश द्वार पहले ही बनाए जा चुके हैं. अब दर्शन नगर मार्ग पर सूर्य द्वार और हनुमान गुफा मार्ग पर तिलक द्वार बनाया जाएगा. अयोध्या आने वाले भक्तों का ये द्वार स्वागत करेंगे. रामनगरी अयोध्या में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिकता का संगम पीक पर है.
इतने करोड़ होंगे खर्च
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर भव्य तिलक प्रवेश द्वार का निर्माण किया जा रहा है. दशरथ पथ पर सूर्य द्वार का निर्माण शुरू हो चुका है. अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थल हनुमान गुफा के पास तिलक द्वार बनाया जा रहा है. इन्हें अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से एक करोड़ 89 लाख रुपए की लागत से बनवाया जा रहा है. इस प्रवेश द्वार का 60 फीसदी काम लगभग पूरा हो चुका है. तिलक प्रवेश द्वार न केवल एक स्थापत्य संरक्षण है, बल्कि यह अयोध्या की समृद्ध धार्मिक परंपरा, आध्यात्मिक पहचान और सांस्कृतिक गरिमा का प्रतीक भी बनेगा.
लग जाएंगे चार चांद
पंच कोसी परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए द्वार प्रवेश का आध्यात्मिक अनुभव और भव्यता दोनों ही देगा करेगा. इस द्वार को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि शास्त्रीय स्थापत्य कला मंदिर शैली और आधुनिक तकनीक का सुंदर संगम हो सके. निर्माण में धार्मिक प्रतीकों को रामायण युगीन प्रेरणा और पारंपरिक शिल्प को प्रमुखता दी जा रही है. दशरथ पथ पर भी सूर्य प्रवेश द्वार का निर्माण शुरू हो चुका है. यह दशरथ पथ आजमगढ़ रोड को जोड़ते हुए वाराणसी तक जुड़ेगा. इन दोनों प्रवेश द्वारों के बन जाने से अयोध्या के वैभव में चार चांद लग जाएंगे. .