स्कूल में दो बच्चों के साथ बर्बरता, टीचर ने एक की आंख फोड़ी, परिजनों से जानिए
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक स्कूल में दो मासूम बच्चों के साथ मारपीट का मामला सुर्खियों में है. स्कूल में पढ़ाई के दौरान मैडम ने एक बच्चे की इतनी क्रूरता से पिटाई की, जिससे बच्चे की आंख फूट गई. कुछ दिन बाद उसके भाई की भी पिटाई कर दी गई, जिससे उसके भी कान में चोट आई. लेकिन गंभीर रुप से घायल बच्चों के मां-बाप को इस बात का पता अगले दिन चल सका. एक बच्चे की आंख में दर्द और सूजन होने के बाद परिजन डॉक्टरों के पास दौड़े, लेकिन फिरोजाबाद में इलाज के लिए मना कर दिया गया. इसके बाद परिजनों में दिल्ली एम्स में इलाज अपने बच्चे की आंख का ऑपरेशन कराया है. वहीं परिजनों ने स्कूल मैनेजर और मैडम पर मारपीट करने और पेसिंल से आंख फोड़ने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की है, जिसके बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है.
पेंसिल घुसने से आंख की लेंस में हो गया छेद
फिरोजाबाद के कोटला रोड़ स्थित श्रीराम कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए कहा कि उनका चार साल का बेटा अनमोल पास के मदर्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी क्लास में पढ़ता है. 6 जुलाई को क्लास में पढ़ाई के दौरान किसी बात को लेकर मैडम काजल ने बच्चे की पिटाई की और बच्चे की आंख में पेंसिल घुसा दिया, जिससे बच्चा घायल हो गया.
छुट्टी होने के बाद मनोज अपने बच्चे को स्कूल से घर ले आया, लेकिन अगले दिन बच्चे की आंख में भयंकर दर्द हुआ और सूजन आ गई, जिसके बाद परिजन घबरा गए और तुरंत इलाज के लिए डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां आंख में गंभीर चोट देखते हुए डॉक्टर ने इलाज के लिए मना कर दिया.
स्कूल के प्रिंसिपल ने दी धमकी
फिर उसके बाद बच्चे को दिल्ली एम्स में दिखाया गया, जहां डॉक्टरों ने आंख का ऑपरेशन करने की बात कही है. मासूम अनमोल की मां बबली ने कहा कि स्कूल मैनेजमेंट और मैडम दोनों से स्कूल में जाकर बच्चे की गलती पूछी, तो किसी ने कुछ नहीं बताया. सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए बोला तो उल्टा स्कूल के प्रिंसिपल धमकी देने लगे.
स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों ने उनको बताया कि आंख में चोट लगने के बाद अनमोल को दर्द शुरू हुआ और वह जोर-जोर से रोने लगा, जिसे देखकर स्कूल स्टॉफ ने आंख में ड्रॉप डाल दिया और दर्द का इंजेक्शन लगा दिया, जिससे दर्द बंद हो गया और घर आकर बच्चा रातभर आराम से सोया, लेकिन अगले दिन सुबह सारी सच्चाई सामने आ गई.
पहला ऑपरेशन कराया, अब दूसरा होगा
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों ने आंख के लेंस में छेद होने की बात कही है. पहला ऑपरेशन करा लिया है, जल्द ही दूसरा ऑपरेशन भी कराया जाएगा. लेकिन मासूम बच्चे की मां का कहना है कि स्कूल के प्रिसिपल और मैडम ने उनको अभी तक बच्चे की गलती नहीं बताई है. पूरे मामले की शिकायत थाना उत्तर में की है. वह अपने बच्चे के लिए न्याय लेकर रहेंगी.
दूसरे बच्चे के भी की पिटाई
बच्चो के पिता मनोज कुमार ने कहा कि उनका दूसरा पांच साल का बेटा आर्यन भी उसी स्कूल में यूकेजी क्लास में पढ़ता है. छोटे बेटे के साथ घटना होने के बाद 16 जुलाई को उनके दूसरे बेटे के साथ भी प्रिंसिपल की ओर से मारपीट की गई, जिसमें बच्चे के कान में चोट लगी है. इधर एक बच्चे की आंख का इलाज कराने के लिए डॉक्टरों के पास घूम रहे थे, तभी दूसरे बेटे ने स्कूल में पिटाई करने और कान में दर्द होने की बात कही. जब दूसरे बेटे को भी डॉक्टर को दिखाया तो उसके कान में भी चोट थी. लेकिन ज्यादा गंभीर न होने के कारण दवा से आराम मिल गया.
सीसीटीवी फुटेज हुआ वारयल
मदर्स प्राइड इंटरनेशनल स्कूल की क्लास का एक वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मासूम अनमोल अपनी सीट पर बैठा हुआ है और सामने से मैडम काजल पास आकर उसकी और अन्य बच्चों की पिटाई कर रही हैं. यह वीडियो उसी दिन का बताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस मामले को लेकर लोकल 18 ने स्कूल मैनेजमेट और जांच अधिकारी से बात की तो उन्होने कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया.