अबान की जनाजे से उमर को लेकर लौट रही थी पुलिस, ऐसा क्या हुआ कि बढ़ गई संकट
Last Updated:
अबान को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद जब पुलिस उमर को वापस लखनऊ जेल ले जा रही थी, तब उनके काफिले में शामिल 25-30 प्राइवेट गाड़ियों ने प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा पर जमकर गुंडागर्दी की. आरोप है कि अतीक के समर्थकों ने टोल टैक्स दिए बिना बैरियर तोड़ दिए और रोकने पर टोलकर्मियों को कुचलने की कोशिश की. इस मामले में नवाबगंज थाने में कई गाड़ियों के नंबरों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है.
उमर के काफिले में ऐसा क्या हो गया कि बढ़ गई टेंशन. (फाइल फोटो)
प्रयागराज: बाहुबली अतीक अहमद के परिवार पर संकट बढ़ता जा रहा है. शनिवार को अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान के जनाजे से लौट रहे बड़े भाई मोहम्मद उमर के काफिले में शामिल समर्थकों ने एक बार फिर कानून को हाथ में लेने की कोशिश की है. प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने, गुंडागर्दी करने और बैरियर तोड़ने के आरोप में दर्जनों गाड़ियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिससे मोहम्मद उमर की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं.
पूरा मामला 8 अगस्त की है. अदालत से मिली पैरोल पर मोहम्मद उमर अपने छोटे भाई अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारी पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज आया था. अबान को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद पुलिस टीम उमर को वापस लखनऊ जेल ले जा रही थी. एफआईआर के मुताबिक, जब पुलिस एस्कॉर्ट का यह काफिला नेशनल हाईवे-19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा (टोल बूथ नंबर 3) पर पहुंचा, तो सरकारी वाहनों के पीछे-पीछे अतीक के समर्थकों की कई गाड़ियां भी चल रही थीं.
बिना टोल दिए तोड़ा बैरियर
टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि पुलिस के वाहनों के पीछे चल रही एक सफेद महिंद्रा एक्सयूवी (UP 32NJ 1458), एक ब्लैक क्रेटा (UP 70 HP 8416) और लगभग 25 से 30 अन्य प्राइवेट वाहनों ने टोल टैक्स देने से साफ इनकार कर दिया. ये गाड़ियां तेज रफ्तार में टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़कर जबरन निकलने लगीं. जब वहां तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अजीत और हेल्पर अंशुमन शुक्ला ने इन गाड़ियों को रोकने की कोशिश की, तो गाड़ी सवार लोगों ने उन्हें भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. आरोप है कि टोलकर्मियों पर गाड़ियां चढ़ाने का प्रयास भी किया गया, जिससे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई.
गाड़ियों के नंबरों के आधार पर एफआईआर दर्ज
नवाबगंज टोल प्लाजा प्रबंधन की शिकायत पर नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. असिस्टेंट मैनेजर ने अपनी तहरीर में उन दर्जनों गाड़ियों के नंबर पुलिस को सौंपे हैं, जिन्होंने टोल टैक्स नहीं दिया और सरकारी संपत्ति (बूम बैरियर) को नुकसान पहुंचाया. एफआईआर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस गुंडागर्दी से टोल राजस्व का भारी नुकसान हुआ है. नवाबगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और एफआईआर में दर्ज वाहनों के नंबरों के आधार पर अपनी जांच शुरू कर दी है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें