अब अंधेरे डिब्बे में नहीं रहेंगे मालगाड़ी के गार्ड्स, झांसी वर्कशॉप का कमाल
Last Updated:
आजादी के 76 साल बाद भारतीय रेलवे के मालगाड़ी गार्ड्स की किस्मत अब पूरी तरह से बदलने वाली है. झांसी रेलवे वर्कशॉप के इंजीनियरों ने एक ऐतिहासिक कारनामा करते हुए मालगाड़ी के पीछे लगने वाले गार्ड कोच को पूरी तरह से हाईटेक कर दिया है. कभी घुप अंधेरे और बिना पंखे के रहने वाले इस कोच में अब सोलर पैनल, लाइट, पंखे, मोबाइल चार्जर और आरामदायक कुर्सियों की सुविधा होगी. सुनसान जंगलों में ड्यूटी करने वाले गार्ड्स के लिए यह कोच किसी वरदान से कम नहीं है.
झांसी रेलवे वर्कशॉप बदलने जा रहा गुड्स ट्रन के गार्ड्स के कोच की किस्मत.
झांसी: भारतीय रेलवे के इतिहास में झांसी रेलवे वर्कशॉप ने एक सुनहरा पन्ना जोड़ दिया है. आजादी के 76 साल बीत जाने के बाद, पहली बार मालगाड़ियों के पीछे लगने वाले गार्ड कोच (ब्रेक वैन) की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल गई हैं. वर्कशॉप के इंजीनियरों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के दम पर एक ऐसा हाईटेक गार्ड कोच तैयार किया गया है, जिसने पूरे देश के रेलवे महकमे का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
मालगाड़ी के सबसे अंत में लगने वाले गार्ड कोच में ड्यूटी करना किसी सजा से कम नहीं होता था. इस डिब्बे में न तो लाइट की व्यवस्था थी, न गर्मी से बचने के लिए पंखा और न ही बैठने के लिए कोई ढंग की कुर्सी. जब मालगाड़ियां सुनसान जंगलों और आउटर सिग्नल पर अंधेरे में कई घंटों तक खड़ी रहती थीं, तो अकेले गार्ड को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता था. सबसे बड़ी समस्या तब आती थी जब उनके वायरलेस सेट और मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो जाते थे, जिससे उनका संपर्क पूरी तरह टूट जाता था.
सोलर सिस्टम से लैस स्मार्ट कोच
झांसी रेलवे वर्कशॉप के अधिकारियों ने गार्ड्स की इस पीड़ा को समझा और कोच को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का बीड़ा उठाया. महीनों की प्लानिंग और मेहनत के बाद जो परिणाम सामने आया, वह हैरान करने वाला है. अब इस गार्ड कोच की छत पर सोलर सिस्टम (Solar Panels) लगा दिए गए हैं. इस सौर ऊर्जा की मदद से अब कोच के अंदर लाइटें जगमगाएंगी, पंखे चलेंगे और मोबाइल व वायरलेस सेट चार्ज करने के लिए चार्जिंग पॉइंट भी उपलब्ध होंगे. इसके साथ ही बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियों का भी इंतजाम किया गया है.
अब पूरे देश की मालगाड़ियों में होगा बदलाव
झांसी रेलवे वर्कशॉप के इस सफल प्रयोग के बाद अब भारतीय रेलवे बड़े पैमाने पर बदलाव की तैयारी कर रहा है. बताया जा रहा है कि इस हाईटेक कोच के शानदार नतीजों को देखते हुए, आने वाले समय में देश की लगभग सभी मालगाड़ियों के गार्ड कोच को इसी तरह सोलर सिस्टम और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें