अमेठी से चित्रकूट का सफर होगा आसान, सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया
अमेठी: रेलवे लगातार यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रहा है, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसी क्रम में यात्रियों के लिए एक और बेहतर प्रयास किया गया है. अब चित्रकूट की राह बेहद आसान होने वाली है. प्रभु श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट में दर्शन और कामदगिरि की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही अमेठी से चित्रकूट के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिल सकती है. इससे यात्रियों को काफी सुविधा होगी और उन्हें बार-बार साधन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
अमेठी से चित्रकूट तक चलेगी सीधी ट्रेन
अमेठी जिले के लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर प्रतापगढ़ से संचालित 14123 और 14124 ट्रेन को कानपुर के बाद चित्रकूट तक आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रेलवे को भेजा गया है. यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे की ओर से इसका उच्चस्तरीय प्रस्ताव तैयार किया गया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है.
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस ट्रेन में 12 की बजाय 24 डिब्बे किए जाने की भी योजना है. इससे यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी और अधिक संख्या में लोग इस ट्रेन से सफर कर सकेंगे.
इन स्टेशनों से होकर चित्रकूट पहुंचेगी ट्रेन
अमेठी जिले की बात करें तो लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर प्रतापगढ़ से चलने वाली यह ट्रेन प्रतापगढ़, चिलबिला, अमेठी, गौरीगंज, गुरु गोरखनाथ धाम, जायस और रायबरेली होते हुए लखनऊ और कानपुर पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन को चित्रकूट तक चलाया जाएगा. वापसी में यही ट्रेन इसी मार्ग से यात्रियों को प्रतापगढ़ तक पहुंचाएगी.
इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्रियों को चित्रकूट जाने के लिए बार-बार साधन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे उनका सफर आसान होने के साथ समय की भी बचत होगी.
सीधी ट्रेन की सुविधा से यात्रियों में खुशी
यात्रियों में इस प्रस्ताव को लेकर काफी खुशी है. यात्री शिव कुमार पांडे ने बताया कि चित्रकूट प्रभु श्रीराम की तपोस्थली है और यह बेहद महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है. उन्होंने कहा कि यहां की यात्रा के लिए अमेठी से कोई सीधी ट्रेन नहीं थी. अगर यह सुविधा शुरू होती है तो यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.
पर्यटन और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय निवासी, दुकानदार और नियमित रूप से ट्रेन से यात्रा करने वाले अमित सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है. स्टेशन का कायाकल्प भी हो चुका है. अब यदि ट्रेन चित्रकूट तक जाती है तो इसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा. उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
यात्रियों की मांग पर किए जा रहे प्रयास
वहीं, रेलवे बोर्ड के सदस्य अनुपम पांडे ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है. यात्रियों की ओर से सुविधाओं और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने को लेकर जो भी मांग आती है, उसे ध्यान में रखते हुए बेहतर से बेहतर प्रयास किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए आगे भी इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे.