क्या किडनी का असर! संत प्रेमानंद महाराज की 2 दिन से खराब तबीयत, आश्रम के अंदर सबकुछ ठीक?
Last Updated:
Premanand Maharaj News: वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों के लिए एक बेहद उदास करने वाली खबर आ रही है. अचानक तबीयत खराब होने की वजह से महाराज जी के सुबह के दर्शन, एकांतिक बातचीत और पदयात्रा को अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है. इस खबर के सामने आने के बाद से ही ब्रज क्षेत्र में जुटे श्रद्धालुओं में निराशा है और लोग उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं.
संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा स्थगित
Premanand Maharaj News: संत प्रेमानंद महाराज की फैन फॉलोइंग किसी से छुपी नहीं है. उनकी एक झलक पाने के लिए भक्त घंटों इंतजार करते हैं. महाराज जी वृंदावन के परिक्रमा मार्ग से रोज सुबह 3.00 बजे अपनी पदयात्रा प्रारंभ करते थे और भक्तों को दर्शन देते थे. लेकिन ये पदयात्रा फिलहाल रोक दी गई है, जिससे उनके भक्तों में मायूसी का माहौल है.
दरअसल, पिछले दो दिनों से महाराज जी अस्वस्थ चल रहे हैं और इसी वजह से बीती रविवार की रात को बड़ा बदलाव देखना पड़ा. रोज की तरह देश-विदेश से आए हजारों लोग दर्शन की आस में कतारों में खड़े थे, लेकिन रात 3 बजे महाराज जी की जगह उनके शिष्य लाउडस्पीकर लेकर पहुंचे. उन्होंने वहां खड़े लोगों को जानकारी दी कि “महाराज जी की सेहत ठीक न होने की वजह से आज की पदयात्रा को रद्द किया जा रहा है. साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सड़कों पर भीड़ न लगाएं और अपने स्थानों पर लौट जाएं”. इसके बाद लोगों को बिना मुलाकात किए ही भारी मन से वापस जाना पड़ा.
आपको बता दें कि प्रेमानंद महाराज हर दिन तड़के अपने केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हैं. इस दौरान सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर लोग उनके दर्शन लाभ लेते हैं. आम दिनों में ही यहां हजारों लोग पहुंचते हैं, जबकि शनिवार और रविवार को यह संख्या लाखों की तादाद पार कर जाती है. इन दिनों अधिकमास की वजह से ब्रज में वैसे ही श्रद्धालुओं की भारी आमद है. ऐसे में इतनी भारी भीड़ के बीच कोई अव्यवस्था न फैले, इसे ध्यान में रखकर भी इस यात्रा को अभी रोकने का फैसला लिया गया है.
किडनी की समस्या के बावजूद दे रहे थे दर्शन
आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया कि महाराज जी पिछले करीब 21 सालों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं. उनकी दोनों किडनियां पूरी तरह काम करना बंद कर चुकी हैं, जिस वजह से डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनके घर पर ही हफ्ते में उनका डायलिसिस किया जाता है. इस प्रक्रिया में हर बार 5 से 6 घंटे का समय लगता है. इस बड़ी शारीरिक तकलीफ के बाद भी वे लगातार लोगों के बीच आ रहे थे, लेकिन पिछले दो दिनों से कमजोरी और अस्वस्थता ज्यादा बढ़ने के कारण फिलहाल उनके एकांतिक दर्शनों और मुलाकातों पर पूरी तरह रोक लगानी पड़ी है.
राष्ट्रपति से लेकर नामचीन खिलाड़ी भी आ चुके हैं वृंदावन
प्रेमानंद महाराज के आध्यात्मिक प्रवचनों और उनके सादगी भरे जीवन के कायल आम लोगों से लेकर देश के बड़े-बड़े वीआईपी भी हैं. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और संघ प्रमुख मोहन भागवत जैसी हस्तियां उनके आश्रम आकर आशीर्वाद ले चुकी हैं. वहीं खेल जगत से पूर्व कप्तान विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ कई बार महाराज जी के सामने शीश नवा चुके हैं. फिल्म इंडस्ट्री के भी कई बड़े चेहरे अक्सर वृंदावन आकर प्रेमानंद महाराज से मार्गदर्शन लेते हैं.
भक्तों ने शुरू की सलामती की प्रार्थना
जैसे ही आश्रम की तरफ से महाराज जी के बीमार होने की आधिकारिक सूचना दी गई, वैसे ही देश भर में मौजूद उनके लाखों चाहने वाले चिंतित हो गए. फिलहाल आश्रम ने सभी से शांति बनाए रखने और ठीक होने तक आश्रम या सड़कों पर न जुटने को कहा है. भक्तों को भरोसा दिया गया है कि सेहत में सुधार होते ही महाराज जी दोबारा पहले की तरह भक्तों के बीच नजर आएंगे. इधर, सोशल मीडिया से लेकर वृंदावन के मंदिरों तक, सभी अनुयायी लाडली जी राधा रानी से अपने प्रिय संत के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना कर रहे हैं.
About the Author

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें