जमकर आएगी नींद, गायब हो जाएगा मोटापा…रात में लौंग की 2 कलियां सेहत के लिए वरदान
Last Updated:
Cloves Benefits : हर किचन में आसानी से पाए जाने वाले लौंग के बारे में क्या आप जानते हैं कि रात में इसका सेवन आपके मोटापे, पेट में जलन, एसिडिटी, अपच और बदहजमी जैसी समस्याओ से निजात दिला सकता है. बलिया की आयुष चिकित्सक डॉ. वंदना तिवारी लोकल 18 से बताती हैं कि लौंग पाचन शक्ति बढ़ाने में रामबाण है. दांत दर्द में यूजेनॉल नामक तत्व लौंग को प्राकृतिक पेन किलर बनाता है. खाना खाने के बाद अगर आपको भारीपन या जलन महसूस हो रही हो तो एक लौंग चबा लीजिए. हालांकि लौंग का तेल अगर ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल किया जाए तो यह लिवर के लिए घातक भी हो सकता है.
लौंग लगभग हर किचन में आसानी से पाई जानी वाली चीज है. इसे हम लोग बखूबी सब्जियों और कई व्यंजनों को स्वादिष्ट बनाने के लिए उपयोग किया करते हैं. इसका इस्तेमाल भारतीय खाने में खूब किया जाता है, लेकिन आयुर्वेदिक चिकित्सा में भी लौंग का प्रयोग बेहद लाभकारी और गुणकारी बताया गया है. लौंग पाचन शक्ति बढ़ाने में रामबाण है. इसका सेवन करने से गैस, अपच, पेट फूलना और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिलती है.
लौंग कई औषधीय गुणों से भरपूर होता है. इसके इस्तेमाल के कई तरह की शरीर की परेशानियों में आराम मिलता है. खासतौर से लौंग का दांत दर्द में सदियों से प्रयोग होता आ रहा है. आइये आयुर्वेदाचार्य से जानते हैं, इसके सेवन और उससे होने वाले लाभों के बारे में.
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर बलिया की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के अनुसार, लौंग औषधीय गुणों का खजाना होती है. इसमें कई प्रकार के पोषक तत्व, जैसे विटामिन सी, विटामिन ए ,कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और फास्फोरस पाए जाते हैं. खाना खाने के बाद अगर आपको भारीपन या जलन महसूस हो रही हो तो एक लौंग चबा लीजिए. इससे काफी आराम मिलेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
डॉ. वंदना तिवारी बताती हैं कि लौंग का इस्तेमाल करना बेहद लाभकारी है. अगर कोई व्यक्ति रात को सोने से पहले दो लौंग खा लेता है, तो उसे स्वास्थ्य से संबंधित कई तरह के लाभ देखने को मिलते हैं. लेकिन इसका सेवन सावधानी के साथ करना जरूरी है. दांत दर्द में यूजेनॉल नामक तत्व लौंग को एक प्राकृतिक पेन किलर बनाता है.
आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना तिवारी के मुताबिक, लौंग का सेवन करने से पाचन क्रिया मजबूत बनी रहती है. ऐसे में रात को अगर कोई भी व्यक्ति नियमित तौर पर दो लौंग खाता रहे और थोड़ा गुनगुना पानी पी ले तो उनके पेट में जलन, एसिडिटी और अपच और बदहजमी जैसी समस्याएं दूर हो सकती हैं.
आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना तिवारी बताती हैं कि लौंग खाने से रोग प्रतिरोधक क्षमता यानि इम्यूनिटी पॉवर भी मजबूत होने लगती है. इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में सहायता प्रदान करता है. लौंग को शहद या तुलसी के साथ मिलाकर लेने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है.
अच्छी नींद के लिए भी लौंग के फायदे बताए गए हैं. लौंग का इस्तेमाल लोग ओरल हेल्थ के लिए भी करते हैं. लौंग में एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो दांतों के दर्द और मसूड़ों के संक्रमण को दूर करते हैं और मुंह की ताजगी बनाए रखत हैं. यही नहीं, लौंग में मेलाटोनिन नामक तत्व पाया जाता है, जो अच्छी नींद के लिए जरूरी होता है.
रात में लौंग का सेवन करने से नींद में सुधार हो सकता है. लौंग के इस्तेमाल से मेटाबॉलिज्म दर में सुधार होता है, जिससे वजन घटाने में भी लौंग बहुत मदद करता है. यह संक्रमित बीमारियों को भी दूर करता है, लेकिन किन्हीं परिस्थितियों में यह हानिकारक भी हो सकता हैं, इसलिए आयुर्वेद चिकित्सक की राय लेना अति आवश्यक है. लौंग का तेल अगर ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल किया जाए तो यह लिवर के लिए घातक भी हो सकता है.