नवोदय विद्यालय के, छात्रों ने खुद को कमरों में किया बंद, DM ने ऐसे कराया शांत
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) के करीब 100 छात्रों ने घटिया भोजन और शिक्षकों के अभद्र रवैये से परेशान होकर खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया. छात्रों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रिंसिपल व वार्डन को हटाने की मांग पर अड़ गए. करीब 6 घंटे तक चले इस हंगामे के बाद जिलाधिकारी (DM) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एएसपी (ASP) अजय कुमार मौके पर पहुंचे. डीएम द्वारा अकेले में छात्रों की पीड़ा सुनने और समस्याओं के त्वरित समाधान व भोजन की रैंडम चेकिंग के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और कमरों से बाहर निकले.
कन्नौज नवोदय विद्यालय में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जिले के अनौगी स्थित केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय के करीब 100 छात्र गुरुवार को स्कूल प्रशासन के खिलाफ अचानक आंदोलित हो उठे. कई दिनों से मिल रहे घटिया भोजन और शिक्षकों व वार्डन के अभद्र रवैये से नाराज इन छात्रों ने खुद को हॉस्टल के कमरों में बंद कर लिया. छात्रों की जिद और हंगामे की खबर से स्कूल से लेकर प्रशासनिक महकमे तक में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक, नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में करीब 110 छात्र रहते हैं. गुरुवार को पढ़ाई के समय जब छात्र क्लास रूम नहीं पहुंचे, तो शिक्षकों ने चपरासी को हॉस्टल भेजा. वहां चपरासी ने देखा कि छात्रों ने खुद को कमरों में बंद कर लिया है और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं. जब चपरासी ने प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी, तो वे खुद छात्रों को बुलाने हॉस्टल पहुंचे. आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्रों को डरा-धमकाकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित छात्र नहीं माने.
वार्डन करते हैं अभद्रता, मिलता है घटिया खाना
आंदोलित छात्रों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से बेहद खराब गुणवत्ता का खाना परोसा जा रहा है. जब उन्होंने इसकी शिकायत वार्डन से की, तो वार्डन ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और डांटकर भगा दिया. छात्रों का यह भी कहना है कि प्रिंसिपल व अन्य स्टाफ भी उनके साथ बदसलूकी करते हैं. छात्रों ने साफ चेतावनी दी थी कि जब तक प्रिंसिपल और वार्डन को हटाया नहीं जाता, वे भूखे-प्यासे कमरों में ही बंद रहेंगे.
6 घंटे बाद खत्म हुआ आंदोलन
शिक्षकों के नाकाम होने के बाद छात्रों के हंगामे की खबर जिले के आला अधिकारियों तक पहुंची. देर शाम कन्नौज के जिलाधिकारी (DM) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अजय कुमार भारी फोर्स के साथ विद्यालय पहुंचे. शुरुआत में छात्र अधिकारियों की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे. इसके बाद डीएम ने एक विशेष रणनीति अपनाई. उन्होंने अन्य सभी अधिकारियों को किनारे कर दिया और अकेले हॉस्टल के अंदर जाकर कई छात्रों से व्यक्तिगत रूप से बात की.
ऐसे शांत कराया
छात्रों ध्यान से सुनने के बाद डीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. डीएम ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी तुरंत रैंडम चेकिंग शुरू करने का आदेश दिया. डीएम के इस भरोसे और आश्वासन के बाद करीब 6 घंटे से चला आ रहा छात्रों का यह बड़ा आंदोलन शांत हुआ. छात्रों ने कमरों के दरवाजे खोल दिए, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें