‘नहा-धोकर निकलते हैं, कीचड़ में गिरकर हो जाते हैं गंदे’, आगरा में सड़क बदहाल
Last Updated:
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक तरफ जहां प्राचीन नगरी की धरोहरों को सहेजने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों में आस्था के रास्ते बदहाली के आंसू रो रहे हैं. आगरा के अंगूठी गांव में स्थित एक प्राचीन मंदिर का मुख्य रास्ता इस कदर क्षतिग्रस्त हो चुका है कि भक्तों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों का मंदिर जाना दुश्वार हो गया है. पूरी सड़क पर गहरे गड्ढे, फैला हुआ मलबा और नालियों का गंदा पानी जमा होने से श्रद्धालु पूजा की थाली लेकर गिर रहे हैं. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी ग्राम प्रधान इस समस्या पर मौन साधे हुए हैं, जिससे नाराज कई बुजुर्ग महिलाओं ने अब मंदिर जाना ही छोड़ दिया है.
Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा को प्राचीन नगरी कहा जाता है. कई प्राचीन मंदिर आगरा को अलग पहचान दिलाते हैं. आगरा के गांव अंगूठी में एक प्राचीन मंदिर है. इस मंदिर के पीछे का रास्ता पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है. ऐसे में पीछे से आने वाले भक्तों को काफी समस्या हो जाती है. मंदिर में पूजा करने आने वाली महिलाओं ने बताया कि पूरे रास्ते में कीचड़ जमा रहता है, कई बार लोग फिसल कर गिर गए हैं. उन्होंने कहा कि जब पूजा की थाली और जलाभिषेक के लिए घरों से पानी लेकर जाते हैं तो सड़क के गड्ढे में पैर चले जाने से सब गिर जाता है, जिससे पूजा करना भी मुश्किल हो गया है.
कुएं और मंदिर का ऐतिहासिक महत्व, पर बारिश में ठहर जाती है जिंदगी
उन्होंने कहा कि गांव का यह प्राचीन मंदिर है और इसके पास कुआं भी है, जिससे इसका महत्व काफी ज्यादा है. ऐसे में जरूरी है कि यह सड़क बन जाए जिससे मंदिर आने वाले भक्तों को समस्या ना हो. बारिश के समय तो यहां इतना पानी भर जाता है कि मंदिर जाना ही मुश्किल हो जाता है. यह सड़क उन्हें पूजा-पाठ करने में बाधा डालती है, इसलिए जल्द इसे बनवाया जाए जिससे वह आसानी से मंदिर जा और आ सकें.
‘नहा-धोकर निकलते हैं और कीचड़ में गिर जाते हैं’, मुन्नी देवी का छलका दर्द
गांव अंगूठी की महिला मुन्नी देवी ने बताया कि यह रास्ता पूरी तरह से खराब हो गया है. सड़क में छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं. मलबा बाहर आ गया है और पानी की वजह से पूरी सड़क पर फिसलन होने लगी है. उन्होंने कहा कि नहा-धोकर पूजा करने जाते हैं तो कई बार गिर जाते हैं. दूसरा कोई रास्ता नहीं है, कितना भी बचने का प्रयास करें लेकिन कीचड़ के कारण गंदे हो ही जाते हैं, ऐसे में कैसे पूजा-पाठ करें. उन्होंने कहा कि इधर रहने वाले बच्चे अक्सर गिर जाते हैं, कई वर्ष बीत गए लेकिन यह सड़क नहीं बनी है.
ग्राम प्रधान से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं, बुजुर्गों ने मंदिर जाना छोड़ा
मुन्नी ने कहा कि प्रधान आदि से शिकायत कर दी लेकिन आज तक इसे बनवाया नहीं गया है. उन्होंने कहा कि कई बार तो पूजा की थाली तक सड़क पर गिर गई है जिस कारण पूजा से वंचित रह जाते हैं. अंगूठी निवासी बुजुर्ग महिला क्रांति ने बताया कि सड़क इतनी खराब है कि गिर कर कई बार घायल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि मजबूरी है कि कोई दूसरा रास्ता नहीं है इसलिए यहीं से आना-जाना पड़ता है. उन्होंने कहा कि वह तो अब मंदिर जाना ही छोड़ चुकी हैं क्योंकि मंदिर जाने के लिए जब भी हाथों में थाली लेकर जाती हैं तो गिर जाती हैं, इसलिए मंदिर जाना ही बंद कर दिया है.
जलभराव से सोमवार के व्रत और पूजा में आ रही बाधा, ग्रामीणों की जल्द सड़क निर्माण की मांग
गांव अंगूठी की निवासी ममता देवी ने बताया कि पूरी सड़क पर चारों ओर कीचड़ ही कीचड़ जमा हो गया है. सड़क पर फिसलन है, बुजुर्ग तो छोड़ो बच्चे तक गिर जाते हैं. उन्होंने कहा कि साइड से निकल कर बच-बच कर आना-जाना पड़ता है. नाली का पानी सड़क पर एकत्र होने लगा है और आस-पास बने घरों में गंदा पानी घुस जाता है, ऐसे में काफी समस्या होती है. उन्होंने कहा कि जब बारिश का समय आता है तब तो यह रास्ता पूरी तरह से बाधित हो जाता है.
पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं है जिससे इस मंदिर वाली गली में जलभराव हो जाता है और इस दौरान मंदिर जाना बंद हो जाता है. उन्होंने कहा कि जो महिलाएं सोमवार को व्रत रख कर मंदिर जाती हैं, वह भी मजबूरी में मंदिर नहीं जा पाती हैं. उन्होंने कहा कि सभी भक्त यही चाहते हैं कि जल्द से जल्द यह रास्ता बन जाए, जिससे मंदिर आने-जाने में कोई समस्या ना हो.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें