पति में दिखते थे लड़कियों वाले लक्षण, पत्नी छोड़कर गई मायके, जांच में खुला राज
Last Updated:
Gorakhpur News: गोरखपुर एम्स के ओपीडी सेंटर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देख डॉक्टर भी हैरत में पड़ गए. दरअसल यहां एक युवक के क्रोमोजोम में बदलाव के कारण उसकी चाल-ढ़ाल और शारीरिक अंगों में बदलाव देखने को मिला. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.
गोरखपुर एम्स मामला (सांकेतिक तस्वीर)
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए. दरअसल, गोरखपुर एम्स में एक 26 वर्षीय युवक इलाज के लिए पहुंचा, तो उसकी बीमारी देखकर डॉक्टर भी हैरत में पड़ गए. युवक कोई सामान्य मामला नहीं था, क्योंकि उसके शरीर में लड़कियों जैसे लक्षण दिखाई दे रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी वजह से उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई.
दरअसल, कुशीनगर जिले के रहने वाले युवक ने ओपीडी में डॉक्टर को अपनी परेशानी बताई, जिसे सुनकर डॉक्टर भी चौंक गए. युवक ने बताया कि उसे अपनी इस स्थिति का एहसास तब हुआ, जब उसकी पत्नी उससे नाराज होकर मायके चली गई.
युवक के क्रोमोजोम में कमी
युवक ने डॉक्टरों को बताया कि उसकी पत्नी ने उस पर आरोप लगाया कि वह शारीरिक रूप से अक्षम है और पुरुष कम, महिला ज्यादा लगता है. इसके बाद डॉक्टरों ने जांच की, जिसमें पता चला कि युवक के शरीर में XXY क्रोमोजोम हैं, जबकि सामान्य पुरुषों में XY और महिलाओं में XX क्रोमोजोम पाए जाते हैं. डॉक्टरों के अनुसार, XXY क्रोमोजोम होने की वजह से युवक में पुरुषों के साथ महिलाओं जैसे कुछ लक्षण भी दिखाई देने लगे.
अन्य युवकों से ज्यादा भारी चेस्ट
डॉक्टरों ने जांच में पाया कि युवक की चाल-ढाल सामान्य पुरुषों से अलग थी. उसका चेस्ट अन्य युवकों की तुलना में अधिक भारी था और आवाज भी पतली थी. डॉक्टरों का मानना है कि युवक की पत्नी ने इन बदलावों को पहचान लिया होगा और संभवतः इसी कारण वह उसे छोड़कर मायके चली गई.
डॉक्टर ने बताई पूरी बात
इस मामले को लेकर एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के एचओडी डॉक्टर देवादित्य दास ने बताया कि कई बार पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन नामक हार्मोन की कमी के कारण महिलाओं जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. ऐसा सिर्फ पुरुषों में ही नहीं, बल्कि महिलाओं में भी हो सकता है. डॉक्टर ने बताया कि गोरखपुर एम्स पहुंचे इस मामले में युवक में महिलाओं जैसे लक्षण पाए गए, साथ ही उसकी दाढ़ी-मूंछ भी काफी कम थी. इस कमी के कारण संतान पैदा करने में भी परेशानी हो सकती है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.