मधुबन बापूधाम योजना: 14 लाख से शुरू खरीदें प्लॉट, जानें कैसे करें अप्लाई
Madhuban Bapudham Residential Scheme 2026: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में अगर आप भी अपनी छत और अपनी जमीन की तलाश में हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) ने शहर के प्राइम लोकेशन ‘मधुबन बापूधाम’ में नई आवासीय भूखंड योजना-2026 का बिगुल फूंक दिया है. बढ़ती महंगाई और निजी बिल्डरों के महंगे फ्लैट्स के बीच, GDA की यह सरकारी स्कीम मध्यम वर्ग के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. 11 मई से शुरू होने वाली इस योजना में मात्र 14 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर प्लॉट उपलब्ध हैं. साथ ही, क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास के लिए मधुबन बापूधाम के शहीद स्मारक पार्क में एक भव्य ओपन एयर थिएटर का निर्माण भी शुरू हो गया है.
मधुबन बापूधाम में बनेगा आधुनिक ओपन एयर थिएटर
गाजियाबाद को एक नई पहचान देने के लिए प्राधिकरण केवल मकान ही नहीं, बल्कि जनसुविधाओं पर भी जोर दे रहा है. आज 9 मई 2026 को मधुबन बापूधाम के इण्डस्ट्रियल पॉकेट स्थित शहीद स्मारक पार्क में ‘ओपन एयर थिएटर’ के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया. लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह थिएटर स्थानीय नागरिकों के लिए कला और संस्कृति का केंद्र होगा. GDA उपाध्यक्ष के निर्देशन में हुए इस भूमि पूजन कार्यक्रम में कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया. यहां भविष्य में नाटक, कवि सम्मेलन, योग शिविर और देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हो सकेगा, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा.
‘अपनी जमीन-अपना आसमान’ योजना: फ्लैट नहीं, अब होगा अपना मकान
GDA उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि प्राधिकरण ने ‘अपनी जमीन-अपना आसमान’ योजना के तहत करीब 350 भूखंड बाजार में उतारे हैं. यह उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका है जो ‘फ्लैट कल्चर’ से दूर अपनी मर्जी से घर बनाना चाहते हैं. मधुबन बापूधाम के इस पॉकेट में 40 वर्गमीटर से लेकर 200 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध हैं.
कितनी है प्लॉट की कीमत?
GDA ने इस बार मध्यम और निम्न आय वर्ग का खास ख्याल रखा है. जमीन की दर 35,000 रुपए प्रति वर्ग मीटर तय की गई है.
- 40 वर्गमीटर का प्लॉट: करीब 14 लाख रुपए
- 60 वर्गमीटर का प्लॉट: करीब 21 लाख रुपए
- 90 वर्गमीटर का प्लॉट: करीब 31.50 लाख रुपए
- 150 वर्गमीटर का प्लॉट: करीब 52.50 लाख रुपए
- 200 वर्गमीटर का प्लॉट: करीब 70 लाख रुपए
आवेदन प्रक्रिया और जरूरी तारीखें
अगर आप इस योजना का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो डायरी में ये तारीखें नोट कर लें:
- रजिस्ट्रेशन शुरू: 11 मई 2026 से.
- अंतिम तिथि: 25 मई 2026 तक.
- ब्रॉशर (विवरण पुस्तिका): इसे GDA की वेबसाइट या जनहित पोर्टल से 1100 रुपये देकर प्राप्त किया जा सकता है.
- ऑनलाइन आवेदन: पूरी प्रक्रिया डिजिटल है, आपको आधार कार्ड और पैन कार्ड के साथ GDA के आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करना होगा.
ई-लॉटरी से होगा फैसला, पारदर्शिता की गारंटी
अक्सर सरकारी योजनाओं में पक्षपात के आरोप लगते हैं, लेकिन जीडीए ने इसे पूरी तरह पारदर्शी बनाया है. प्लॉट का आवंटन ई-लॉटरी के जरिए होगा. यानी कंप्यूटर के जरिए नाम निकाले जाएंगे, जिसमें मानवीय हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं होगी.
पेमेंट प्लान: किस्तों में चुकाएं पैसा और पाएं छूट
पैसे के भुगतान को लेकर जीडीए ने काफी लचीला रुख अपनाया है. मीडियो रिपोर्ट्स के मुताबिक, जीडीए ने सामान्य श्रेणी के लिए प्लॉट की कीमत का 10% और आरक्षित वर्ग के लिए 5% (जैसे 40 मीटर के प्लॉट के लिए 1.40 लाख रुपए) पंजीकरण राशि रखी है. इतना ही नहीं, आवंटन के बाद आप 8 आसान किस्तों में पैसा चुका सकते हैं. जीडीए इस बार बंपर डिस्काउंट भी दे रहा है यानी कोई खरीदार एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी. प्राधिकरण का दावा है कि पूरी राशि जमा होने के बाद 3 साल के भीतर प्लॉट पर कब्जा दे दिया जाएगा.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस स्कीम में आवेदन करने के लिए कुछ कड़े नियम बनाए गए हैं ताकि जरूरतमंदों को ही घर मिले:
- आवेदक भारतीय नागरिक हो और उम्र 18 साल से अधिक हो.
- आवेदक या उसके परिवार (पति/पत्नी/बच्चे) के नाम पर गाजियाबाद में पहले से कोई आवासीय संपत्ति नहीं होनी चाहिए.
- पूरे उत्तर प्रदेश में एक से अधिक सरकारी आवासीय प्लॉट या भवन नहीं होना चाहिए.
रियल एस्टेट मार्केट में हलचल
विशेषज्ञों का मानना है कि मधुबन बापूधाम योजना गाजियाबाद के रियल एस्टेट बाजार को नई दिशा देगी. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल की कनेक्टिविटी के कारण यह इलाका निवेश के लिए हॉटस्पॉट बन चुका है. सरकारी जमीन होने के कारण यहाँ धोखाधड़ी का डर नहीं है, यही वजह है कि मध्यम वर्ग में इस योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह है.