मानसून एंट्री के बाद UP में बदला मौसम, अगले 3 घंटे बारिश, आंधी-तूफान से बचें
UP Weather Forecast 5 June 2026 : भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार 4 जून को केरल में दस्तक दे दी है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून सामान्य तिथि से लगभग तीन दिन की देरी से केरल पहुंचा, लेकिन इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है. इसी बदलाव का असर गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिला. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट तक जारी किया था. अब शुक्रवार 5 जून की सुबह भी नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि पश्चिमी विक्षोभ और नमी वाली हवाओं का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. यूपी आज का मौसम (5 जून 2026) कैसे रहेगा, आइये जानते हैं…
यूपी में कहां-कहां होगी बारिश और आंधी?
आईएमडी के ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 5 जून को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर बिजली भी गिर सकती है.
पश्चिमी यूपी की बात करें तो नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और अमरोहा में बादल छाए रहने के साथ आंधी और बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं.
सुबह से एनसीआर में काले घने बादलों का डेरा है. कभी भी तेज बारिश हो सकती है. वहीं, मध्य यूपी की बात करें तो लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
अगर पूर्वी यूपी की तरफ नजर डालें तो गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और प्रयागराज मंडल के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी आईएमडी ने 5 जून को तूफानी मौसम की संभावना जताई है.
दिल्ली-एनसीआर का क्या रहेगा हाल?
- दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में शुक्रवार को सामान्य से अधिक बादल छाए रहने, बीच-बीच में हल्की बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
- कुछ क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
- लगातार चल रही आंधी-बारिश की गतिविधियों के कारण उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है.
- लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.