मेरठ में फ्री मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेनिंग का मौका! सीखें स्किल और शुरू करें खुद का बिजनेस

0
मेरठ में फ्री मोबाइल रिपेयरिंग ट्रेनिंग का मौका! सीखें स्किल और शुरू करें खुद का बिजनेस


Last Updated:

Free Mobile Repairing Course Meerut 2026: मेरठ के उन युवाओं के लिए एक शानदार मौका है जो मोबाइल रिपेयरिंग के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण महंगे कोर्स नहीं कर पा रहे हैं. केनरा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से 1 मई से बिल्कुल फ्री 30 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू किया जा रहा है. खास बात यह है कि ट्रेनिंग के साथ-साथ खाना, नाश्ता और सीखने का सारा सामान भी मुफ्त मिलेगा. इतना ही नहीं, अपना काम शुरू करने के लिए सरकार की योजनाओं के तहत लोन दिलाने में भी संस्थान पूरी मदद करेगा. अगर आप भी 8वीं पास हैं और तकनीकी क्षेत्र में हुनरमंद बनकर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं, तो यह कोर्स आपके लिये फायदेमंद हो सकता है.

मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के उन युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है जो तकनीकी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं. अक्सर देखा जाता है कि मोबाइल रिपेयरिंग जैसे प्रोफेशनल कोर्स की फीस काफी ज्यादा होती है, जिसकी वजह से आर्थिक रूप से कमजोर युवा इनमें दाखिला नहीं ले पाते हैं. ऐसे ही युवाओं की मदद के लिए उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार केनरा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ने एक विशेष पहल शुरू की है. संस्थान द्वारा युवाओं को पूरी तरह फ्री मोबाइल रिपेयरिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए आवेदन की प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है.

1 मई से शुरू होगा नया बैच और 30 दिन की ट्रेनिंग
लोकल 18 से खास बातचीत के दौरान केनरा आरसेटी के डायरेक्टर विवेक सुकर्शन ने बताया कि मोबाइल रिपेयरिंग के इस विशेष प्रशिक्षण कोर्स की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है. जो युवा इस कोर्स में रुचि रखते हैं, वे मेरठ के जेल चुंगी स्थित संस्थान के कार्यालय में जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. यह एक 30 दिवसीय यानी पूरे एक महीने का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा. कक्षाओं का समय रोजाना सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा, जहां शासन द्वारा नियुक्त एक्सपर्ट्स की टीम युवाओं को हर कंपनी के मोबाइल को ठीक करने की बारीकियां सिखाएगी.

यह भी पढ़ें: कम खर्च में बड़ा फायदा! सिर्फ 10% लगाकर शुरू करें बकरी पालन, सरकार भी करेगी मदद, जानें कमाई का सुपरहिट फॉर्मूला

सीखने से लेकर खाने तक सब कुछ मिलेगा मुफ्त
संस्थान की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां छात्रों पर एक रुपये का भी आर्थिक बोझ नहीं डाला जाता है. डायरेक्टर विवेक सुकर्शन ने जानकारी दी कि यहां न केवल कोर्स की कोई फीस नहीं ली जाएगी बल्कि मोबाइल रिपेयरिंग सीखने के लिए लगने वाला सारा सामान और जरूरी टूल्स भी संस्थान ही अपनी तरफ से उपलब्ध कराएगा. इसके अलावा ट्रेनिंग के दौरान युवाओं के लिए दोपहर के खाने और नाश्ते का पूरा इंतजाम भी संस्थान द्वारा बिल्कुल मुफ्त किया जाएगा ताकि युवाओं को पढ़ाई के साथ रहने और खाने की कोई चिंता न रहे.

स्वरोजगार के लिए लोन दिलाने में भी मिलेगी पूरी मदद
संस्थान का मुख्य उद्देश्य केवल ट्रेनिंग देना ही नहीं है, बल्कि युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद यदि कोई युवा अपनी खुद की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान खोलना चाहता है, तो संस्थान उसे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत बैंक से लोन दिलाने में भी पूरी मदद करता है. इसके लिए लोन की फाइल तैयार करना और उसे बैंक तक भेजने का सारा तकनीकी काम संस्थान खुद देखता है ताकि युवाओं को अपना नया काम शुरू करने में पैसों की कमी का सामना न करना पड़े.

कौन कर सकता है आवेदन और क्या है पात्रता
इस कोर्स में प्रवेश लेने के लिए योग्यता की शर्तों को काफी सरल रखा गया है ताकि अधिक से अधिक युवा इस सुविधा का फायदा उठा सकें. इसके लिए आवेदक का कम से कम 8वीं कक्षा पास होना जरूरी है. साथ ही युवा में कुछ नया सीखने की लगन और अपना खुद का काम या स्वरोजगार शुरू करने का जज्बा होना चाहिए. आज के दौर में मोबाइल हर व्यक्ति की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है, ऐसे में मोबाइल रिपेयरिंग के क्षेत्र में भविष्य संवारने के बेहतरीन अवसर मौजूद हैं. मेरठ के इच्छुक युवा इस सुनहरे मौके का लाभ उठाकर जेल चुंगी स्थित केनरा आरसेटी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *