यूपी का फिर से बदलने वाला है मौसम, बरेली, गोरखपुर समेत इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, गिरेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में फिर मौसम ने करवट ली है. तेज धूप के बाद अब घने कोहरे वाले दिन फिर लौट आए हैं. भारतीय मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 फरवरी को यूपी के दोनों ही संभाग के तराई क्षेत्रों में कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा सुबह सवेरे के वक्त नजर आएगा. कोहरे के कारण तापमान में भी थोड़ा उतार चढ़ाव देखा जा सकता है. हालांकि तापमान में बहुत बदलाव होगा. मौसम विभाग ने इसके संकेत दिए हैं. बताते चलें कि आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित भी करेगा.
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार (9 फरवरी) को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में घना कोहरा नजर आएगा. इन जिलों में गोरखपुर, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और कुशीनगर में घना कोहरा सुबह के वक्त छाया रहेगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, बस्ती, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, सीतापुर, बिजनौर और शाहजहांपुर में भी 100 से 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा छाया रहेगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा सोमवार को अयोध्या,अमेठी, वाराणसी,मिर्जापुर, सोमभद्र, चंदौली, मेरठ, कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, आगरा, जौनपुर, गाजीपुर, मथुरा और इटावा में आसमान साफ होगा.यहां सुबह से धूप भी खिली रहेगी. इन जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की उम्मीद है.
राजधानी लखनऊ में सोमवार को आसमान साफ रहेगा.इस दौरान दिन चढ़ने के साथ धूप भी थोड़ी तीखी होगी.अनुमान है आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस होगा.आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में थोड़ा उछाल भी देखने को मिलेगा.वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो वहां सुबह के समय छिछला कोहरा नजर आएगा.हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां आसमान साफ रहेगा. मौसम विभाग का अनुमान,आज यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस होगा.
नए वेदर सिस्टम से बदलेगा मौसम
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की फिलहाल अभी कुछ दिनों तक यूपी में मौसम सामान्य ही रहने की उम्मीद है.जब कोई नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा. उसके बाद ही यहां मौसम में उतार चढ़ाव देखा जाएगा. बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.