राम मंदिर चंदा चोरी खुलासे के बाद इस्तीफा, अब कहां हैं पूर्व महासचिव चंपत राय?
Last Updated:
Ayodhya Ram Mandir Champat Rai: अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी खुलासे के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. लेकिन अब सवाल उठता है कि आखिर इस्तीफा देने के बाद से चंपत राय कहां हैं, आइए आपको इसके बारे में जानकारी देते हैं,
पूर्व महासचिव चंपत राय
अयोध्या: राम जन्मभूमि अयोध्या में चंदा चोरी मामले के खुलासे के बाद SIT की जांच हुई, जिसमें कुल 8 लोगों को मामले में कसूरवार माना गया और सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, चंदा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया, जिससे इस मामले को लेकर बहस और तेज हो गई. वहीं अयोध्या के संतों का कहना है कि चंपत राय इस मामले से बिल्कुल अलग हैं और उन्हें अयोध्या के संतों का पूरा समर्थन है. लेकिन क्या आपको पता है कि इस्तीफे के बाद से चंपत राय कहां हैं?
दरअसल, इस पूरे घटनाक्रम के बीच श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने इस्तीफे के बाद बड़ा फैसला लिया है. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपने करीबी सहयोगियों से कहा है कि जब तक SIT की अंतिम जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती और असली दोषियों का खुलासा नहीं हो जाता, तब तक वह अयोध्या में ही रहेंगे.
जांच एजेंसियों का करेंगे सहयोग
साथ ही उन्होंने अयोध्या में रहकर जांच एजेंसी का पूरा सहयोग करने की बात कही है. जांच पूरी होने तक वह अयोध्या में ही उपलब्ध रहेंगे, ताकि अगर SIT टीम को किसी तरह की जानकारी या सहयोग की जरूरत हो, तो वह उनकी मदद कर सकें. इस फैसले के बाद चंपत राय की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. भवन के अंदर आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. स्थानीय प्रशासन भी उनकी सुरक्षा को लेकर सतर्क है.
जांच पूरी होने के बाद देंगे जवाब
खबरों के मुताबिक, चंपत राय ने कहा है कि SIT जांच पूरी होने के बाद ही वह सार्वजनिक रूप से सभी सवालों का जवाब देंगे. उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान जांच प्रक्रिया में सहयोग करने और सच्चाई सामने आने पर है. बता दें कि राम मंदिर ट्रस्ट में हाल ही में हुए फेरबदल के तहत चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे. इसके बाद ट्रस्ट ने अंतरिम महासचिव की नियुक्ति और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव का फैसला लिया है.
चंदा चोरी मामले में अब तक क्या कार्रवाई?
वहीं चंदा चोरी मामले को लेकर अब तक की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने अब जांच और पूछताछ के लिए कोर्ट से रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव की पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की है, जिस पर कोर्ट 14 जुलाई को अपना फैसला सुनाएगी. पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद चंदे की हेराफेरी, रकम की लेन-देन सहित कई बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे जांच एजेंसियों की काफी मदद होगी.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…और पढ़ें