लखनऊ में विधायक आवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत
Last Updated:
Lucknow Latest News: लखनऊ के लालबाग स्थित नए विधायक आवास में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नानकदीन भुर्जी सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
मृतक पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की तस्वीर.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. लालबाग स्थित नए विधायक आवास दारुल शफा की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई. गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस फिलहाल हादसा, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
68 वर्षीय नानकदीन भुर्जी भाजपा के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े रहे थे. इसके अलावा वह ‘हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा’ संगठन के अध्यक्ष भी थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह अक्सर विधायक आवास में आते-जाते रहते थे. शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि वह कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहे थे. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सातवीं मंजिल से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर समेत शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोट लगी थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालत अधिक गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी.
घटना के बाद पुलिस ने पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
बीजेपी ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह पार्टी कार्यालय से तुरंत विधायक आवास के लिए रवाना हुए थे. रास्ते में पता चला कि नानकदीन भुर्जी को सिविल अस्पताल ले जाया गया है. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनके निधन की सूचना दी. उन्होंने कहा कि आखिर वह किन परिस्थितियों में सातवीं मंजिल से नीचे गिरे, इस बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है.
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. शुरुआती जांच में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें