वाराणसी एयरपोर्ट पर ऐसा क्या हुआ, 2 घंटे थमीं रही उड़ानें, कई फ्लाइट डायवर्ट
Last Updated:
Varanasi Latest News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर अचानक दो घंटे के लिए उड़ानों की आवाजाही थम गई. रनवे में तकनीकी गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक लैंडिंग और टेक ऑफ पर रोक लगा दी.
1 बजे से 3 बजे तक एयरपोर्ट पर टेक ऑफ और लैंडिंग पूरी तरह बंद रही.
वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर अचानक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा. रनवे में तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद करीब दो घंटे तक न तो कोई फ्लाइट उड़ान भर सकी और न ही किसी विमान को लैंड कराया गया. इस दौरान एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग लगातार अपनी फ्लाइट के बारे में जानकारी लेते रहे.
मामला तब सामने आया जब सुबह दिल्ली से वाराणसी पहुंची एक फ्लाइट के पायलट ने रनवे को लेकर कुछ गड़बड़ी की जानकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी को दी. शिकायत मिलते ही अधिकारियों ने रनवे की जांच के लिए तकनीकी टीम को मौके पर भेजा. जांच में पायलट की बताई समस्या सही पाई गई.
इसके बाद एहतियात के तौर पर रनवे पर विमानों की आवाजाही रोक दी गई. दोपहर करीब 1 बजे से 3 बजे तक एयरपोर्ट पर टेक ऑफ और लैंडिंग पूरी तरह बंद रही. तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने रनवे पर काम शुरू किया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद समस्या को दूर कर दिया गया.
रनवे पर परिचालन बंद होने का सीधा असर उड़ानों पर पड़ा. इस दौरान मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद समेत कई शहरों से वाराणसी आने वाली फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट की ओर मोड़ना पड़ा. कुछ विमानों को लखनऊ और अयोध्या डायवर्ट किया गया.
एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन रुकने के कारण यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई. कई यात्री अपनी फ्लाइट के अपडेट के लिए पूछताछ केंद्र पर पहुंचते रहे. कोई बार-बार स्क्रीन देख रहा था तो कोई एयरलाइन स्टाफ से फ्लाइट के बारे में जानकारी ले रहा था.
करीब दो घंटे तक चले तकनीकी काम के बाद दोपहर 3 बजे रनवे को दोबारा विमानों के लिए खोल दिया गया. इसके बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर धीरे-धीरे उड़ानों का संचालन सामान्य हो गया. परिचालन शुरू होने के बाद यात्रियों ने भी राहत की सांस ली.
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, रनवे में आई तकनीकी दिक्कत को समय रहते पकड़ लिया गया और जरूरी जांच के बाद उसे ठीक कर दिया गया. इसी वजह से किसी तरह की बड़ी घटना होने से पहले ही उड़ानों को रोककर सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें