संत प्रेमानंद महाराज से मिलने नेपाल से आया 13 साल का बच्चा, साथ में छोटी बहन
Last Updated:
Mathura News: यूपी के मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था का एक अनोखा मामला सामने आया है. नेपाल से एक 13 वर्षीय बच्चा अपनी 7 वर्षीय बहन के साथ बिना परिजनों को बताए अकेले ही वृंदावन पहुंच गया.
संत प्रेमानंद से मिलने नेपाल से आए भाई-बहन
मथुरा: संत प्रेमानंद महाराज के आज करोड़ों भक्त हैं, जो महाराज की एक झलक के लिए देश के कोने-कोने से पहुंच जाते हैं. वहीं उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के प्रति आस्था का एक अनोखा मामला सामने आया है. नेपाल से एक 13 वर्षीय बच्चा अपनी 7 वर्षीय बहन के साथ बिना परिजनों को बताए अकेले ही वृंदावन पहुंच गया. दोनों बच्चे परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के पास अकेले घूमते मिले, जिसके बाद पुलिस उन्हें अपनी सुरक्षा में कोतवाली ले आई.
पुलिस के अनुसार, 13 वर्षीय बच्चा छठी कक्षा का छात्र है, जबकि उसकी 7 वर्षीय बहन एलकेजी में पढ़ती है. पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह मोबाइल पर संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन और वीडियो देखा करता था. इन्हें देखने के बाद उसके मन में वृंदावन जाकर महाराज के दर्शन करने की इच्छा जगी. इसी इच्छा के चलते वह बिना किसी को बताए घर से निकल पड़ा. उसे जाता देख उसकी छोटी बहन भी उसके पीछे-पीछे चल दी.
पहले पहुंचे गोरखपुर, फिर वहां से मथुरा
बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे करीब तीन दिन पहले नेपाल से निकले थे. पहले गोरखपुर पहुंचे और वहां से मथुरा होते हुए दो दिन पहले वृंदावन पहुंच गए. रविवार को दोनों बच्चे श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के पास अकेले घूमते हुए मिले, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित कोतवाली ले आई.
पिता को दी सारी जानकारी
पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चों के पिता को पूरे मामले की सूचना दे दी है. साथ ही नियमानुसार दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है. समिति के निर्देशानुसार परिजनों के वृंदावन पहुंचने तक दोनों बच्चों की सुरक्षित देखभाल की व्यवस्था की जाएगी. पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें सकुशल उनके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें