संभल में बिजली विभाग को करारा झटका, अफसरों की सैलरी से किसान को 2 लाख मुआवजा
Last Updated:
संभल में बिजली विभाग की लापरवाही एक किसान पर भारी पड़ गई, लेकिन अब उसी मामले में विभाग को बड़ा झटका लगा है. उपभोक्ता आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को उनके ही वेतन से किसान को मुआवजा देने का आदेश दिया है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है.
आयोग ने अधिकारियों को वेतन से मुआवजा देने का दिया आदेश
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में बिजली विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है. उपभोक्ता की शिकायत पर सुनवाई करते हुए उपभोक्ता प्रतितोष आयोग ने विभाग को करारा झटका दिया है. आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों XEN, SDO और JE को अपने वेतन से किसान को मुआवजा देने का आदेश सुनाया है.
पूरा मामला बहजोई थाना क्षेत्र के गांव कनैटा का है. यहां के एक किसान ने वर्ष 2018 में ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए बिजली विभाग में करीब साढ़े नौ हजार रुपये की इस्टीमेट राशि जमा की थी. आरोप है कि रकम जमा होने के बावजूद विभाग ने कनेक्शन नहीं दिया और बाद में 68 हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग करते हुए किसान को लगातार टालता रहा.
कनेक्शन न मिलने का सीधा असर किसान की खेती पर पड़ा. ट्यूबवेल के अभाव में कई सीजन तक फसल सूखती रही, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. किसान ने दावा किया कि उसे करीब चार लाख रुपये की क्षति हुई है. बिजली विभाग की इस कथित लापरवाही और मनमानी के खिलाफ किसान ने मामला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग में पहुंचाया. लंबी सुनवाई के बाद आयोग ने इसे सेवा में गंभीर कमी मानते हुए बड़ा फैसला सुनाया. आयोग ने आदेश दिया कि संबंधित अधिकारी अपने वेतन से दो लाख रुपये की क्षतिपूर्ति किसान को दें.
साथ ही आयोग ने एक विकल्प भी दिया है. यदि विभाग अब ट्यूबवेल कनेक्शन देना चाहता है, तो 68 हजार रुपये जमा कराने के साथ ही किसान को एक लाख बत्तीस हजार रुपये अतिरिक्त मुआवजा भी देना होगा. इस फैसले के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि वेतन से कटौती कर मुआवजा देने का आदेश अधिकारियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. अब नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित अधिकारी इस आदेश का पालन करते हैं या फिर ऊपरी अदालत में चुनौती देते हैं.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें