सहारनपुर: मां शाकम्भरी देवी योजना का फेज-2 जल्द, जानें आवेदन की पूरी डिटेल
Last Updated:
Saharanpur News: सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) की दिल्ली रोड स्थित ‘मां शाकम्भरी देवी आवासीय योजना’ (नवीन सहारनपुर) के फेज-1 में 513 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन पूरा हो चुका है. 200 करोड़ रुपये की लागत से 52.97 हेक्टेयर में विकसित इस योजना के पहले चरण में जिन्हें प्लाट नहीं मिला या जो आवेदन से चूक गए थे, उनके लिए जल्द ही फेज-2 शुरू हो रहा है. अगले महीने से शुरू हो रहे दूसरे चरण में पुनः ऑनलाइन आवेदन का अवसर मिलेगा.
Saharanpur News: अगर आप सहारनपुर में अपने सपनों का आशियाना बनाने की सोच रहे हैं और ‘मां शाकम्भरी देवी आवासीय योजना’ के पहले चरण में आपको प्लाट नहीं मिल सका, तो निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) जल्द ही इस महत्वाकांक्षी योजना का दूसरा चरण (फेज-2) शुरू करने जा रहा है. दिल्ली रोड स्थित मिनी बाइपास पर विकसित की जा रही ‘नवीन सहारनपुर’ योजना के प्रथम चरण में मिले भारी रिस्पॉन्स के बाद अब अधिकारियों ने दूसरे फेज की तैयारियां तेज कर दी हैं. अगले माह से इच्छुक लोग इसके लिए पुनः ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
प्रथम फेज में 513 लोगों को मिला आशियाना
मां शाकम्भरी देवी आवासीय योजना के पहले फेज में आवंटन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. पहले चरण के कुल 513 भूखंडों के लिए SDA को रिकॉर्ड 3,373 आवेदन प्राप्त हुए थे. इन आवेदनों का निस्तारण करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी सिस्टम के जरिए सफल आवेदकों को प्लाटों का आवंटन कर दिया गया है. हालांकि, जिन लोगों का नाम लॉटरी में नहीं आ सका या जो लोग किसी कारणवश पहले फेज में आवेदन करने से चूक गए थे, उन्हें अब फेज-2 में भूखंड खरीदने का एक और बेहतरीन मौका मिलेगा.
200 करोड़ की लागत से 52 हेक्टेयर में आकार ले रही योजना
सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा इस पूरी परियोजना को लगभग 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार किया जा रहा है. ‘नवीन सहारनपुर’ योजना कुल 52.9751 हेक्टेयर विशाल भूमि क्षेत्र में फैली हुई है. इस पूरी टाउनशिप में करीब 1,436 आवासीय भूखंड प्रस्तावित किए गए हैं. भूखंडों का आकार 90 वर्ग मीटर से लेकर 288 वर्ग मीटर तक है, जिनकी अनुमानित दर 30,000 रुपये से लेकर 35,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर के बीच तय की गई है.
प्रथम फेज में इन साइज के भूखंडों का हुआ आवंटन
- 90 वर्ग मीटर
- 112.50 वर्ग मीटर
- 135 वर्ग मीटर
- 162 वर्ग मीटर
- 200 वर्ग मीटर
- 288 वर्ग मीटर
जल्द घोषित होगी फेज-2 की आवेदन तिथि
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, मां शाकम्भरी देवी आवासीय योजना में निवासियों को सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी. पहले चरण का काम सफलता से पूरा होने के बाद अब फेज-2 को लॉन्च करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. अधिकारियों का कहना है कि अगले माह योजना की आधिकारिक शुरुआत कर दी जाएगी और बहुत जल्द ऑनलाइन आवेदन की तिथियों का भी ऐलान कर दिया जाएगा.