सावधान कहीं आप भी न हो जाएं डेंगू-मलेरिया और फ्लू का शिकार, ये रहा लक्षण और ऐसे करें बचाव
Last Updated:
Noida News: नोएडा में बरसात के मौसम में वायरल, डेंगू और मलेरिया के मामले बढ़े, 67 डेंगू पॉजिटिव मिले. सीएमओ ने सतर्कता और मच्छरदानी के इस्तेमाल की सलाह दी है.
नोएडा: बरसात का मौसम एक तरफ तो सुहाना होता है, लेकिन दूसरी तरफ इस मौसम में बीमारियां भी तेजी से फैलती हैं. वायरल की वजह से हर दूसरा-तीसरा व्यक्ति सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से परेशान दिखता है. इस बार भी गौतमबुद्ध नगर में वायरल, डेंगू और मलेरिया ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जिला अस्पताल से लेकर प्राइवेट क्लीनिक तक, हर जगह मरीजों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. ओपीडी में भीड़ है. डेंगू और मलेरिया के मामलों में तेजी से वृद्धि होने के कारण स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है.
अब तक 67 मरीज डेंगू पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अब तक 6270 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 67 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं. मलेरिया के भी 56 मामले सामने आ चुके हैं. जिला अस्पताल में करीब 4000 की ओपीडी है, लेकिन हर रोज इससे ज्यादा मरीज आ रहे हैं, जिससे अस्पताल में लंबी लाइनें लग रही हैं.
कुछ इस तरह करें अपना बचाव
जिला गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि बीमारियों से बचने का सबसे अच्छा तरीका है सावधानी बरतना. उन्होंने अपील की कि लोग अपने घरों और आसपास गंदगी न फैलने दें और कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही मच्छरों के प्रजनन का सबसे बड़ा कारण है.
मच्छरदानी का इस्तेमाल करें
सीएमओ ने सलाह दी कि रात को पूरे कपड़े पहनकर सोएं और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें. साथ ही उन्होंने आगाह किया कि शुरुआती लक्षणों को हल्के में न लें. डेंगू के शुरुआती संकेतों में सिरदर्द, हल्का बुखार, त्वचा पर लाल चकत्ते और एलर्जी जैसी समस्याएं शामिल हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल या अपने पारिवारिक डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.
सतर्क रहें और समय रहते इलाज कराएं
जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट सीएमओ ने बताया कि अगर लोग सतर्क रहें और समय रहते इलाज कराएं तो इन बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है. बरसात के मौसम में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी जागरूकता अभियान चला रही है, ताकि लोग खुद और अपने परिवार को सुरक्षित रख सकें.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।