सेवादार लवकुश हिरासत में, घर से मिले लाखों रुपए; दादी ने लगाए आरोप
Last Updated:
Ram Mandir Donation Alleged Theft Case: अयोध्या राम मंदिर के दानपात्रों से जुड़े गबन मामले में सेवादार लवकुश तिवारी को पुलिस ने हिरासत में लिया है. तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने का दावा किया जा रहा है. इस कार्रवाई के बीच लवकुश के परिजनों का दावा है कि छापेमारी के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी सादे कपड़ों में टीम के साथ मौजूद थे.
राम मंदिर दान पत्र से चोरी के आरोप में सेवादार हिरासत में घर पर भी हुई छापेमारी.
Ram Mandir Sevadar Detained: राम जन्मभूमि मंदिर के दानपात्रों में चढ़ावे की रकम के कथित गबन मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. मंदिर के दानपात्रों से जुड़ी गड़बड़ी की जांच कर रही सुरक्षा एजेंसियों ने सेवादार लवकुश तिवारी को पुलिस हिरासत में ले लिया है. कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर की सघन तलाशी ली गई, जिसमें 10 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम नकदी मिलने का दावा किया जा रहा है. पूरी तलाशी के दौरान मौके पर राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के भी मौजूद होने दावा किया गया है. इसकी पुष्टि आरोपी के परिजनों ने की. वहीं, इस मामले पर अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है.
दान पात्र से चोरी के कथित आरोप में हिरासत में लिए गए सेवादार लवकुश तिवारी की दादी और पिता ने बताया कि कुछ लोग अचानक सादे कपड़ों में उनके घर पहुंचे थे. घर के अंदर रखी सारी नकदी अपने कब्जे में लेकर साथ लेकर चले गए.
दादी क्या बोली?
गिरिजा देवी के मुताबिक, गांव के लोगों ने उन्हें बताया कि सादे कपड़ों में आई इस टीम के साथ राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी स्वयं मौजूद थे. उन्होंने कहा, ‘जाते समय चंपत राय ने मुझे 200 रुपये दिए और कहा कि माता जी, खा-पी लेना, आपकी तबीयत ठीक नहीं है.’ इसके साथ ही दादी ने लवकुश पर लग रहे जमीन खरीदने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि जमीन परिवार के अन्य कमाने वाले सदस्यों के पैसों से खरीदी गई है.
पिता का बयान
लवकुश के पिता बच्चू लाल ने बताया कि उनका बेटा पिछले चार-पांच महीनों से मंदिर में नौकरी कर रहा था. उनके मुताबिक मंदिर में चोरी की घटना के बाद उनके घर की तलाशी ली गई. घर के अंदर से नकदी बरामद कर अधिकारियों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया.
रुदौली से एक और युवक हिरासत में
एसओजी (SOG) और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में एक और बड़ी गिरफ्तारी की है. टीम ने रुदौली के शुजागंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मीनापुर फगौली निवासी एक अन्य युवक को भी हिरासत में ले लिया है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस दूसरे युवक की निशानदेही पर भी जांच के दौरान कुछ संदिग्ध नकदी बरामद की गई है, जिससे इस गबन कांड के तार कई अन्य लोगों से जुड़े होने की आशंका प्रबल हो गई है.
CCTV सबसे बड़ा हथियार
पुलिस और खुफिया एजेंसियां मंदिर के हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच कर रही है. दान पेटियों के खुलने से लेकर रुपयों की गिनती (कैलकुलेशन) के समय तक के सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है. चढ़ावे की गणना की प्रक्रिया में शामिल कई अन्य कर्मचारियों को भी संदेह के दायरे में रखकर पूछताछ की जा रही है.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें