अतीक अहमद की 1.10 अरब रुपये की बेनामी जमीन कुर्क
Last Updated:
Allahabad Latest News: प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्तियों पर कार्रवाई लगातार जारी है. अब पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 1 अरब 10 करोड़ रुपये की जमीन कुर्क की है. यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर कोर्ट के आदेश पर की गई.
अतीक अहमद (फाइल फोटो)
प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की मौत के बाद भी उनकी बेनामी संपत्तियों की जांच जारी है. पुलिस ने अतीक अहमद की एक और बड़ी संपत्ति पर कार्रवाई की है. गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 1 अरब 10 करोड़ रुपये की जमीन कुर्क कर ली गई और जमीन पर सरकारी नोटिस बोर्ड भी लगा दिया.यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर प्रयागराज की कोर्ट के आदेश पर कैंट थाना पुलिस ने की.
पुलिस के मुताबिक मौजा भीटी और मौजा कटाहुला गौसपुर में करीब 20.38 बीघा यानी 5.112668 हेक्टेयर जमीन कुर्क की गई है. जांच में सामने आया है कि अतीक अहमद ने लोगों को डराकर और अपराध से कमाए पैसे के दम पर यह जमीन बेहद कम कीमत में अपने करीबियों के नाम कराई थी.
पुलिस का दावा है कि अतीक अहमद ने मौजा भीटी, कटाहुला गौसपुर, शाहपुर पीपल गांव और मंदरी समेत कई इलाकों में कुल 12.9544 हेक्टेयर जमीन अपने लोगों के नाम कराई थी. इन जमीनों की सरकारी कीमत करीब 9 करोड़ 96 लाख 84 हजार 795 रुपये थी, लेकिन इन्हें सिर्फ 1 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये में दलित समाज के व्यक्ति मदन लाल भारतीया के नाम रजिस्ट्री कराया गया.
पुलिस के अनुसार, मौजूदा समय में इस जमीन की बाजार कीमत करीब ढाई अरब रुपये आंकी गई है. अधिकारियों का कहना है कि अतीक अहमद के गैंग की अवैध गतिविधियों में सहयोग करने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है. ऐसे लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने यह भी कहा कि अतीक अहमद और उसके गिरोह की अपराध से अर्जित दूसरी संपत्तियों की जांच जारी है. जांच के दौरान जो भी अवैध संपत्ति सामने आएगी, उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अतीक अहमद के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में कुल 102 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. कुर्की की कार्रवाई के दौरान कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय, नायब तहसीलदार पीयूष कुशवाहा और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें