अब नहीं लगेंगे घंटों के जाम! जौनपुर में बन रहा है 70 करोड़ का बाईपास
Last Updated:
Jaunpur News: जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र में 5.1 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण शुरू होने जा रहा है. 70.66 करोड़ की लागत से बन रहे इस बाईपास से रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से निजात मिलेगी.
हाइलाइट्स
- जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र में बाईपास का निर्माण शुरू होने जा रहा है.
- इस बाईपास से रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से निजात मिलेगी.
- स्थानीय लोगों ने खुशी जताई.
बाईपास की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण का जिम्मा बठिंडा (पंजाब) की डीएमआर बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है. जल्द ही इसके निर्माण की शुरुआत हो जाएगी.
इस रूट से गुजरने वालों को मुंगरा बादशाहपुर रेलवे फाटक पर हर दिन लंबा जाम झेलना पड़ता है. ट्रेन के आने-जाने के दौरान कई बार 2-2 घंटे तक गाड़ियां फंसी रहती हैं. इसमें स्कूली बच्चे, मरीज, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और आम यात्रियों को जबरदस्त परेशानी होती है. कई बार तो एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है. इससे निपटने के लिए बाईपास का निर्माण जरूरी था, जो अब हकीकत बनने जा रहा है.
2017 से लटका था मामला
दरअसल यह परियोजना 2017 में ही घोषित हो गई थी, लेकिन तब से यह कागज़ों में ही अटकी हुई थी. किसी ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई. लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने इसको लेकर आगे बढ़ने का काम शुरू किया. उनके प्रयासों से NHAI ने इस पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया और फिर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराई गई.
बाईपास के निर्माण में सबसे बड़ी बाधा भूमि अधिग्रहण मानी जा रही थी, लेकिन जिला प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं. अब सिर्फ निर्माण कार्य शुरू होने की औपचारिक घोषणा का इंतजार है. ठेकेदार कंपनी से अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया चल रही है, जो कुछ ही दिनों में पूरी हो जाएगी.
स्थानीयों को मिलेगा सीधा फायदा
इस बाईपास के बनने से सिर्फ स्थानीय लोगों को ही नहीं, बल्कि इस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहनों को भी राहत मिलेगी. फिलहाल जाम की वजह से समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है. बाईपास बनने से ट्रैफिक डायवर्ट हो जाएगा और अंदरुनी इलाकों में भीड़ कम होगी.