आगे-आगे बच्चे, पीछे-पीछे पुलिस, जब दौड़कर DM ऑफिस पहुंचे छात्र, सड़क की थी डिमांड
Last Updated:
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के चंदूपुर गांव में स्कूली बच्चों ने हाथ में तिरंगा लेकर 5 किलोमीटर की यात्रा निकाली. इसके बाद बच्चे कलेक्ट्रेट पहुंचे और फिर सड़क बनवाने की मांग की. बच्चों का कहना था कि सड़क खराब होने के कारण स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है.
हमीरपुर में स्कूली बच्चों का सड़क को लेकर प्रदर्शन.
हमीरपुरः देश में इन दिनों हर तरह के छात्र आंदोलन के मामले खूब सामने आ रहे हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बच्चों ने स्कूल तक सड़क बनवाने की मांग को लेकर बच्चों ने करीब पांच किलोमीटर की लंबी यात्रा निकाली. इस दौरान बच्चों के हाथ में तिरंगा और जुबां पर नारा था. बच्चे अपनी यात्रा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे. इसके बाद बच्चों को सड़क बनवाने का आश्वासन दिया गया. हालांकि इस दौरान जब बच्चे दौड़ते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे तो पुलिस उनको रोकने के लिए पीछे-पीछे दौड़ने लगी और उन्हें डांटकर भगाने लगी. यह पूरा मामला ग्राम पंचायत चंदूपुर के गंगवा का डेरा और बच्ची का डेरा क्षेत्र का है, जहां के ग्रामीण और स्कूली बच्चे लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं.
बच्चों ने 5 किलोमीटर की निकाली यात्रा
बच्चों को स्कूल जाने के लिए कच्ची और उबड़-खाबड़ सड़क से गुजरना पड़ता है. बारिश में तो यह समस्या और बढ़ जाती है. क्योंकि फिर सड़क पर कीचड़ भी हो जाता है. इसी समस्या को लेकर बच्चे और ग्रामीणों ने 5 किलोमीटर की यात्रा निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचे. बच्चों का कहना था कि उन्हें हर रोज कीचड़ के बीच से स्कूल जाना पड़ता है. बच्चों की मांग था कि स्कूल तक जाने वाली सड़क को पक्का कराया जाए, ताकि उन्हें आने-जाने में परेशानी न हो. प्रदर्शनकारी छात्र और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम गेट पर बैठ गए. उन्होंने सड़क का काम शुरू होने तक मौके पर बैठे रहने की बात कही.
बच्चों के प्रदर्शन पर क्या बोले एडीएम
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया. एसडीएम और सीओ सदर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी बच्चों की परेशानी प्रशासन के सामने रखी. बच्चों का कहना था कि लंबे समय से स्कूल तक जाने वाला रास्ता खराब है और बच्चों को इसी रास्ते से होकर पढ़ने के लिए जाना पड़ता है. वहीं जिले के एडीएम राकेश कुमार ने बताया कि चंदूपुर के छात्रों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर उबड़-खाबड़ और कच्ची सड़क को पक्का कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया. एडीएम के मुताबिक सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की एनओसी मिल गई है. अब जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा.
About the Author

Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…
और पढ़ें