काशी में उफान पर गंगा: जलस्तर 62m पार, मंदिर डूबे, नाव संचालन पर संकट
Last Updated:
Varanasi News: धर्मनगरी काशी में मां गंगा एक बार फिर रौद्र रूप धारण करने लगी हैं. पिछले कुछ दिनों की शांति के बाद मंगलवार से गंगा के जलस्तर में आई अचानक तेजी ने तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं. वर्तमान में गंगा 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उफान मार रही हैं और जलस्तर 62 मीटर के आंकड़े को पार कर चुका है. घाटों के जलमग्न होने, मंदिरों के पानी में डूबने और फसलों के नुकसान को देखते हुए एनडीआरएफ और जल पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है.
Varanasi News: वाराणसी में गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है. लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों में खलबली मची है. फिलहाल 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है. बढ़ते जलस्तर के कारण नाविकों के साथ घाट पर नियमित पूजा कराने वाले पुरोहित भी परेशान हैं. फिलहाल वाराणसी में गंगा का जलस्तर 62 मीटर को पार कर चुका है.
उतार-चढ़ाव के बाद मंगलवार से फिर उफान पर गंगा
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, बीते हफ्ते गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हुई थी. 3 दिनों में करीब 10 फीट तक पानी बढ़ा था, लेकिन फिर गंगा के जलस्तर में घटाव शुरू हो गया. हालांकि, मंगलवार से गंगा फिर उफान पर है. पहले सुबह बढ़ोतरी की रफ्तार आधा सेंटीमीटर प्रति घंटा थी, जो दोपहर में बढ़कर 1 सेंटीमीटर प्रति घंटा हो गई. शाम में यह रफ्तार 2 सेंटीमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई.
तटवर्ती इलाकों में हलचल, NDRF और जल पुलिस अलर्ट पर
उधर ढाब इलाकों में इस बढ़ोतरी के कारण फसलें भी डूबने लगी हैं. इसके साथ ही तटवर्ती इलाकों में हलचल भी शुरू हो गई है. एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम भी बढ़ोतरी की रफ्तार को देखते हुए अलर्ट हो गई है. गंगा में गश्त के दौरान लगातार स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को भी गहरे पानी में नहीं जाने की सलाह दी जा रही है.
घाटों की चौकियां हटाई गईं, नाव संचालन पर लग सकती है रोक
अस्सी घाट पर पूजा-पाठ कराने वाले राहुल पांडेय ने बताया कि फिलहाल जो चौकियां घाट के निचले हिस्से में थीं, उनका स्थान बदला जा रहा है. वहीं नाविक भी अपनी नावों को नई जगह बांधने को लेकर परेशान दिख रहे हैं. बढ़ोतरी की रफ्तार ऐसी ही रही तो जल्द ही न सिर्फ घाटों का संपर्क मार्ग टूटेगा, बल्कि नाव संचालन पर भी रोक लगेगी.
जलमग्न हुए कई शिवालय, पूजा-पाठ प्रभावित
वाराणसी में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण घाट किनारे स्थित कई मंदिर भी जलमग्न हो चुके हैं. कई शिवालय तो पूरी तरह गंगा में डूब गए हैं, जिसके कारण वहां पूजा-पाठ भी प्रभावित है.
प्रशासन ने कसी कमर, सभी विभाग अलर्ट मोड़ पर
वाराणसी में संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने भी कमर कस ली है. वाराणसी के कमिश्नर एस. राजलिंगम ने बैठक कर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रहने का निर्देश भी जारी किया है.
About the Author
Rahul Goyal is a senior journalist with over 15 years of experience in print and digital media. He currently serves as a Coordinator and Publisher at News18 Hindi, managing State and Local18 content operations …
और पढ़ें