क्या फिर दोहराई गई कातिल पत्नी की खौफनाक कहानी? जौनपुर में पति की मौत से सनसनी
Last Updated:
Jaunpur News: यूपी में पत्नियों द्वारा प्रेमी के खातिर पति की हत्या के कई मामले सामने आ रहे हैं. अब ताजा मामला जौनपुर का है, जहां पुलिस को एक युवक का शव उसी के घर के बाहर मड़हे में मिला. परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है.
जौनपुर: कहीं प्रेमी के खातिर पति की हत्या हो रही है, तो किसी-किसी मामले में प्रेमिका के लिए पति मौत का सौदागर बन जा रहा है. अब ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से सामने आया है, जहां एक कथित प्रेम संबंध ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. घर के बाहर बने मड़हे में युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी.
घर के बाहर मिला युवक का शव
बता दें कि जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुआही गांव में चंद्रदीप गौतम का शव घर के बाहर बने मड़हे में मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पिता लालजी गौतम और भाभी सीता देवी का आरोप है कि चंद्रदीप की पत्नी और उसके चचेरे मामा के बीच कथित प्रेम संबंध थे. उनका कहना है कि इसी वजह से दोनों ने मिलकर रात में गला दबाकर चंद्रदीप की हत्या कर दी.
हिरासत में पत्नी और प्रेमी से पूछताछ
परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, पुलिस इस पूरे मामले को अभी संदिग्ध मान रही है. पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह तय होगी. फिलहाल सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. लेकिन मीडिया के कैमरे के सामने कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है. क्या यह मामला वास्तव में प्रेम संबंध के चलते हुई हत्या का है या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? इसका जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ल…
और पढ़ें