क्‍या लीक हुआ था SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर? यहां जान लें सच्‍चाई

0
क्‍या लीक हुआ था SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर? यहां जान लें सच्‍चाई


Ssc gd news, Ssc gd paper cancel news: SSC GD कांस्टेबल भर्ती 2026 की परीक्षा इस समय देशभर में चर्चा का बड़ा विषय बन गई है. 25 हजार से ज्यादा पदों के लिए चल रही इस भर्ती परीक्षा में कई राज्यों के सेंटरों पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली. उत्तर प्रदेश और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर अचानक परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जिसके बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. भीषण गर्मी में दूर-दूर से पहुंचे उम्मीदवार जब परीक्षा नहीं दे सके तो कई जगहों पर हंगामा, विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ तक की नौबत आ गई.अब इस पूरे मामले पर SSC चेयरमैन का भी बयान सामने आया है. उन्होंने माना कि परीक्षा में मिसमैनेजमेंट हुआ था, हालांकि उन्होंने पेपर लीक की बात से इनकार किया है. आयोग ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 29 मई को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है. SSC चेयरमैन की ओर से कहा गया है कि पेपर लीक नहीं हुआ था, लेकिन ऑनलाइन परीक्षा सिस्टम पर रोज हैकिंग की कोशिशें हो रही थीं.

यूपी-बिहार के कई सेंटरों पर अचानक रद्द हुई परीक्षा

SSC GD भर्ती परीक्षा का आखिरी चरण 25 से 30 मई 2026 के बीच आयोजित किया जा रहा है, लेकिन 25 और 26 मई को उत्तर प्रदेश और बिहार के कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा अचानक रोक दी गई.प्रयागराज में स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई गई. यहां एक सेंटर पर क्षमता से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुला लिया गया था. परीक्षा शुरू होने से पहले ही सेंटरों पर भारी भीड़ जमा हो गई. कई उम्मीदवारों को कंप्यूटर सिस्टम नहीं मिले, जबकि कुछ जगह तकनीकी दिक्कतों के कारण परीक्षा शुरू ही नहीं हो सकी.जब उम्मीदवारों को पता चला कि परीक्षा रद्द कर दी गई है तो उनका गुस्सा भड़क गया. कई अभ्यर्थियों ने सेंटरों पर जमकर हंगामा किया. कुछ जगह कंप्यूटर सिस्टम जमीन पर पटक दिए गए और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन भी किया गया.

भीषण गर्मी में परेशान हुए अभ्यर्थी

कई उम्मीदवार दूसरे जिलों और राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे थे. अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने यात्रा,होटल और खाने-पीने पर हजारों रुपये खर्च किए लेकिन परीक्षा ही नहीं हो सकी.सोशल मीडिया पर कई छात्रों ने लिखा कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बाद उन्हें बताया गया कि सिस्टम काम नहीं कर रहा है. कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रबंधन पूरी तरह फेल रहा.

SSC चेयरमैन ने माना-परीक्षा में हुआ था मिसमैनेजमेंट

लगातार बढ़ते विरोध और सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बाद SSC चेयरमैन का बयान सामने आया. उन्होंने स्वीकार किया कि परीक्षा प्रबंधन में गड़बड़ी हुई थी हालांकि उन्होंने साफ कहा कि पेपर लीक नहीं हुआ है. उनके मुताबिक कुछ लोग ऑनलाइन परीक्षा सिस्टम में सेंधमारी और हैकिंग की कोशिश कर रहे थे. इसी वजह से कई कंप्यूटर टर्मिनल बंद करने पड़े.चेयरमैन ने कहा कि तकनीकी कारणों और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए कुछ सेंटरों पर परीक्षा रद्द करनी पड़ी और अब उसे दोबारा आयोजित किया जाएगा.

क्या पेपर लीक हुआ था?

SSC चेयरमैन ने पेपर लीक की खबरों को खारिज किया है. आयोग का कहना है कि परीक्षा के दौरान ऑनलाइन सिस्टम को हैक करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ.इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. कई उम्मीदवारों का कहना है कि इतनी बड़ी भर्ती परीक्षा में बार-बार तकनीकी गड़बड़ी होना भी गंभीर मामला है.

नकल कराने वाले सॉल्वर गैंग का खुलासा

इस बीच नोएडा और रांची से पुलिस ने ऐसे सॉल्वर गैंग का भी खुलासा किया है जो SSC GD परीक्षा में नकल कराने का काम कर रहे थे.पुलिस के मुताबिक यह गिरोह उम्मीदवारों से 4-4 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा पास कराने का दावा करता था. मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है.इन खुलासों के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा और बढ़ गया है. कई छात्र सोशल मीडिया पर पूरी परीक्षा रद्द करने और नए सिरे से कराने की मांग कर रहे हैं.

29 मई को होगा री-एग्जाम

SSC ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम कराने का फैसला लिया है. आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि जिन सेंटरों पर परीक्षा रद्द हुई थी वहां के अभ्यर्थियों की परीक्षा 29 मई 2026 को आयोजित की जाएगी.आयोग ने यह भी कहा है कि सभी प्रभावित उम्मीदवारों का एग्जाम 31 मई से पहले करा दिया जाएगा.

उम्मीदवारों को क्या करना होगा?

SSC ने प्रभावित उम्मीदवारों से कहा है कि वे अपनी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर लगातार चेक करते रहें. री-एग्जाम से जुड़ी सभी जानकारी वहीं भेजी जाएगी.नए एडमिट कार्ड, सेंटर और टाइमिंग की जानकारी भी ऑनलाइन जारी की जाएगी.

सोशल मीडिया पर उठ रहे बड़े सवाल

इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर SSC की परीक्षा व्यवस्था को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. उम्मीदवार पूछ रहे हैं कि अगर ऑनलाइन सिस्टम इतना सुरक्षित था तो फिर परीक्षा बीच में क्यों रोकनी पड़ी?कुछ छात्रों ने यह भी सवाल उठाया कि लाखों उम्मीदवारों की भर्ती परीक्षा में पर्याप्त कंप्यूटर और तकनीकी व्यवस्था पहले से क्यों नहीं की गई.

अब आगे क्या?

फिलहाल SSC ने साफ किया है कि परीक्षा पूरी तरह रद्द नहीं की गई है और केवल प्रभावित सेंटरों पर री-एग्जाम होगा लेकिन लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.अब सभी की नजर 29 मई को होने वाले री-एग्जाम पर टिकी है. उम्मीदवार उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार परीक्षा बिना किसी तकनीकी गड़बड़ी और अव्यवस्था के शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होगी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *