गंगा बैराज से बिठूर तक…कानपुर में बसने जा रहा नया शहर, प्राधिकरण लेकर आया धांसू स्कीम
Last Updated:
Kanpur News : कानपुर में नया शहर बसाया जाएगा. कानपुर विकास प्राधिकरण की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अगले महीने से आम लोग इसमें भूखंड खरीदने के लिए आवेदन कर सकेंगे. पहले चरण में करीब 200 भूखंडों की लॉन्चिंग की जाएगी. इनमें आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के प्लॉट शामिल होंगे. सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. लॉन्चिंग कार्यक्रम में सीएम योगी को बुलाने की भी तैयारी है. पहले चरण में करीब 780 भूखंड विकसित किए जाएंगे. प्राधिकरण का लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक योजना को पूरी तरह धरातल पर उतार दिया जाए.
कानपुर. यूपी के कानपुर में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की महत्वाकांक्षी योजना ‘न्यू कानपुर सिटी’ अब जमीन पर उतरने जा रही है. अगले महीने से आम लोग इस योजना में भूखंड खरीदने के लिए आवेदन कर सकेंगे. केडीए पहले चरण में करीब 200 भूखंडों की लॉन्चिंग करने जा रहा है. इसके लिए सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. केडीए अधिकारियों के मुताबिक जून महीने में रेरा की बैठक होनी है. इसी बैठक में न्यू कानपुर सिटी के पहले चरण के भूखंडों को मंजूरी मिल जाएगी. इसके बाद केडीए अपनी वेबसाइट पर प्लॉट की पूरी जानकारी जारी करेगा और आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. लॉन्चिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी को बुलाने की भी तैयारी है.
कितने हेक्टेयर तक फैलाव
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि न्यू कानपुर सिटी योजना को पहले ही बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल चुकी है. पहले चरण में 51 हेक्टेयर जमीन पर करीब 780 भूखंड विकसित किए जाएंगे. इनमें आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के प्लॉट शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि योजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. सबसे पहले इलाके में सीवरेज, ड्रेनेज और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं का काम शुरू होगा. सड़क निर्माण के लिए भी अगले महीने नया टेंडर जारी किया जाएगा ताकि विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ सके.
तीन अलग-अलग चरण
केडीए की यह योजना कानपुर की सबसे बड़ी आवासीय योजनाओं में मानी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार गंगा बैराज से लेकर बिठूर तक करीब 151.31 हेक्टेयर क्षेत्र में नया शहर बसाने की तैयारी चल रही है. इसमें से लगभग 89 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है, जबकि 56 हेक्टेयर जमीन पहले ही अधिग्रहित की जा चुकी है. योजना को साल 2026 में तीन अलग-अलग चरणों में लॉन्च किया जाएगा. इस पूरे प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं के साथ नया रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा. केडीए का दावा है कि यह योजना भविष्य में कानपुर के सबसे प्रमुख इलाकों में शामिल होगी.
कितनों को बसने का मौका
केडीए सचिव अभय पांडेय ने बताया कि पूरी योजना में 1500 से ज्यादा भूखंड आम लोगों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे मध्यम वर्गीय परिवारों से लेकर निवेश करने वालों तक को बड़ा मौका मिलेगा. प्राधिकरण का लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक योजना को पूरी तरह धरातल पर उतार दिया जाए. लंबे समय से नई आवासीय योजनाओं का इंतजार कर रहे कानपुरवासियों के लिए न्यू कानपुर सिटी अब उम्मीद की नई तस्वीर बनकर सामने आ रही है.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें